समंदर बना जलसमाधि, 15 मासूम बच्चों समेत 130 से ज्यादा लोग डूबे; रोंगटे खड़े कर देगा ये मंजर
बेहतर भविष्य और आजीविका की तलाश में जान जोखिम में डालकर खतरनाक समुद्री रास्तों से निकलने वाले प्रवासियों पर कुदरत और इंसानी लालच का कहर टूटा है। पश्चिमी अफ्रीकी देश सेनेगल और पूर्वी अफ्रीका के जिबूती तट पर हुए दो अलग-अलग नौका हादसों में 15 मासूम बच्चों सहित 130 से अधिक प्रवासियों की डूबने से दर्दनाक मौत हो गई है। राहत एवं बचाव दल समुद्र में लापता लोगों की तलाश में दिन-रात जुटे हैं, जबकि कई प्रभावित परिवारों में मातम पसरा हुआ है।
सेनेगल के गृह मंत्रालय द्वारा जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, देश के समुद्री तट पर प्रवासियों को ले जा रही एक नौका गहरे पानी में डूब गई। इस दर्दनाक हादसे में अब तक कम से कम 21 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (X) पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि शनिवार शाम तक केवल एक व्यक्ति को जीवित बचाया जा सका था, जिसके बाद अन्य संभावित जीवित लोगों की तलाश के लिए विशेष नौसैनिक दलों और आपातकालीन एजेंसियों को रवाना किया गया। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि नाव में कुल कितने मुसाफिर सवार थे। गृह मंत्री सोमवार, 9 नवंबर को घटनास्थल का दौरा कर प्रभावित परिवारों से मिलेंगे। इस हादसे के बाद सरकार ने पड़ोसी देशों के साथ मिलकर मानव तस्करी नेटवर्क पर शिकंजा कसने का संकल्प दोहराया है और युवाओं से अनधिकृत प्रवासन के जानलेवा जोखिमों से बचने की अपील की है।
दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया
दूसरी ओर, पूर्वी अफ्रीका के जिबूती तट पर इससे भी बड़ा दिल दहला देने वाला हादसा सामने आया है, जहां 305 प्रवासियों को लेकर जा रही एक ओवरलोडेड नाव समुद्र में पलट गई। इंटरनेशनल ऑर्गनाइजेशन फॉर माइग्रेशन (IOM) ने पुष्टि की है कि इस भीषण दुर्घटना में कम से कम 109 प्रवासियों की मौत हो गई, जिनमें 15 मासूम बच्चे, 42 महिलाएं और 52 पुरुष शामिल हैं। यह नाव जिबूती से यमन की ओर जा रही थी, जो गुरुवार रात या शुक्रवार तड़के गहरे पानी में संतुलन खोकर पलट गई। राहत दलों ने तत्परता दिखाते हुए 80 से अधिक लोगों को सुरक्षित निकाल लिया है। जिबूती में IOM के मिशन प्रमुख एलेक्जेंडर कोइसाक ने इसे जान-माल का अपूरणीय नुकसान बताते हुए कहा कि यह घटना इस बात की गवाह है कि आर्थिक अवसरों और सुरक्षा की खोज में निकले प्रवासियों को किन भयानक खतरों से जूझना पड़ता है।
संयुक्त राष्ट्र प्रवासन एजेंसी के अनुसार, हॉर्न ऑफ अफ्रीका के हजारों लोग खाड़ी देशों में रोजगार की उम्मीद लिए जिबूती और बाब अल-मंडेब जलडमरूमध्य के रास्ते यमन पहुंचते हैं, जबकि दूसरी ओर 12 साल से जारी गृहयुद्ध और सऊदी समर्थित सेना व हूथी विद्रोहियों के संघर्ष से जान बचाकर भाग रहे यमनी नागरिक भी लाल सागर पार कर जिबूती में शरण ले रहे हैं। वर्तमान में 2,000 से अधिक यमनी नागरिक जिबूती में शरणार्थी के रूप में रह रहे हैं, जिन्हें स्थानीय सरकार और संयुक्त राष्ट्र की एजेंसियां बुनियादी भोजन और आश्रय उपलब्ध करा रही हैं। अवैध तस्करों के जाल में फंसकर हर साल सैकड़ों बेगुनाह इन खतरनाक समुद्री गलियारों में अपनी जान गंवा रहे हैं।