बेटे की जान पर था खतरा; नेतन्याहू बोले- सुरक्षा हटती तो दुश्मन कामयाब हो जाते

बेटे की जान पर था खतरा; नेतन्याहू बोले- सुरक्षा हटती तो दुश्मन कामयाब हो जाते

पश्चिम एशिया में जारी भारी तनाव के बीच इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है। स्थानीय मीडिया को दिए इंटरव्यू में नेतन्याहू ने सीधा आरोप लगाया कि ईरान ने उनके परिवार को सीधे तौर पर टारगेट करते हुए उनके एक बेटे की जान लेने की साजिश रची थी। हालांकि, उन्होंने इस बात का खुलासा नहीं किया कि यह हमला कब प्लान किया गया था और उनके दोनों बेटों में से असली निशाना कौन था।

परिवार की सुरक्षा कोई विलासिता नहीं: नेतन्याहू

नेतन्याहू के परिवार को मिल रही चौबीसों घंटे की हाई-लेवल सुरक्षा पर इजरायल की घरेलू राजनीति में लगातार सवाल उठ रहे हैं। इन आलोचनाओं का जवाब देते हुए इजरायली पीएम ने साफ किया कि उनके परिजनों को दी जा रही सुरक्षा कोई ठाठ-बाट या विलासिता नहीं, बल्कि गंभीर खतरों को देखते हुए उठाया गया जरूरी कदम है। उन्होंने कहा कि अगर सुरक्षा घेरा मजबूत न होता तो विरोधी अपने नापाक मंसूबों में कामयाब हो सकते थे। घरेलू सुरक्षा एजेंसी शिन बेट के नियमों के अनुसार पद छोड़ने के बाद भी उनके परिवार को सुरक्षा कवर दिए जाने का प्रावधान है।

किस बेटे पर था खतरा?

बेंजामिन नेतन्याहू के दो बेटे यायर और एवनर हैं। बड़े बेटे यायर लंबे समय से अमेरिका के मियामी में रह रहे हैं और उनके साथ भी सुरक्षा दस्ता तैनात रहता है। वहीं छोटे बेटे एवनर अधिकतर समय इजरायल में ही बिताते हैं। स्थानीय मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक खुफिया एजेंसियों का मानना है कि हत्या की कथित कोशिश उस समय हुई जब यायर देश से बाहर थे। विपक्ष लगातार विदेश में रह रहे यायर की सुरक्षा पर होने वाले भारी खर्च पर सवाल उठाता रहा है, जिस पर अब नेतन्याहू ने खुलकर अपनी बात रखी है।

साल 2023 से बढ़ा था सुरक्षा घेरा

प्रधानमंत्री के परिवार को शिन बेट की विशेष सुरक्षा देने का निर्णय मार्च 2023 में लिया गया था। उस दौरान तेल अवीव में सरकार विरोधी प्रदर्शनों के समय नेतन्याहू की पत्नी सारा एक हेयर सैलून में मौजूद थीं और उग्र भीड़ ने उस जगह को घेर लिया था। इस घटना के बाद पैदा हुए गंभीर सुरक्षा जोखिमों को देखते हुए पूरे परिवार को इस सुरक्षा कवच के दायरे में लाया गया था।

Latest Posts