ट्रंप ने खुद किया बड़ा खुलासा: मुझे प्लेन छोड़ना पड़ा, क्योंकि वहां बहुत बड़ा खतरा था

ट्रंप ने खुद किया बड़ा खुलासा: मुझे प्लेन छोड़ना पड़ा, क्योंकि वहां बहुत बड़ा खतरा था

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने मंगलवार को एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा किया है। तुर्की में आयोजित एक हालिया शिखर सम्मेलन के दौरान सुरक्षा को लेकर पैदा हुए बड़े 'खतरे' के कारण उन्हें अपना आधिकारिक विमान 'एयर फ़ोर्स वन' छोड़ना पड़ा था।

यूएस प्रेसिडेंट ने खुद इस बात की पुष्टि की है कि उन्होंने सीक्रेट सर्विस और अमेरिकी सेना की सलाह पर बोइंग 747-8 की जगह एक दूसरे विमान का इस्तेमाल किया। यह घटना तब सामने आई है जब मीडिया में यह चर्चा जोरों पर थी कि राष्ट्रपति ने कतर से मिले वीवीआईपी जेट को छोड़कर एक पुराने विमान और फिर गुपचुप तरीके से एक छोटे C-32A विमान में सफर किया था।

वाशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट में हुआ था सनसनीखेज दावा

पिछले महीने अमेरिकी मीडिया में ईरान से मिलने वाली धमकियों के मद्देनजर राष्ट्रपति की सुरक्षा को लेकर कई रिपोर्ट्स सामने आई थीं। मशहूर अख़बार वॉशिंगटन पोस्ट ने अपनी एक एक्सक्लूसिव रिपोर्ट में दावा किया था कि राष्ट्रपति को न सिर्फ पुराना बोइंग विमान इस्तेमाल करना पड़ा, बल्कि उन्हें सुरक्षा कारणों से एक कैटरिंग कंटेनर के जरिए पुराने एयर फ़ोर्स वन से चुपके से निकालकर एक बहुत छोटे C-32A विमान में शिफ्ट किया गया था। इस हाई-प्रोफाइल सुरक्षा ऑपरेशन को बेहद गुप्त रखा गया था ताकि किसी भी संभावित खतरे को टाला जा सके।

ट्रंप ने खुद की विमान बदलने की पुष्टि

इस पूरे मामले पर व्हाइट हाउस की तरफ से पहले कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था, लेकिन अब खुद राष्ट्रपति ने विमान बदलने की खबरों पर मुहर लगा दी है। ओहायो दौरे से वापस लौटने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उन्होंने कहा कि वह हमेशा अपनी सुरक्षा में तैनात सीक्रेट सर्विस और सेना के निर्देशों का पालन करते हैं। ट्रंप ने बेबाकी से कहा, "वे चाहते थे कि मैं किसी दूसरे विमान से यात्रा करूं और मैं वही करता हूं जो वे कहते हैं। मुझे लगता है कि वहां कोई बड़ा खतरा था, हालांकि मैंने इस बारे में ज्यादा सवाल नहीं किए क्योंकि मुझे अक्सर धमकियां मिलती रहती हैं।"