अमेरिका इसी हफ्ते दे सकता है बड़ा झटका: भारत-चीन समेत 16 देशों पर पड़ेगा असर

अमेरिका इसी हफ्ते दे सकता है बड़ा झटका: भारत-चीन समेत 16 देशों पर पड़ेगा असर

वॉल स्ट्रीट जर्नल की रिपोर्ट के मुताबिक, अमेरिका इसी हफ्ते से भारत, चीन और कई अन्य देशों पर टैरिफ बढ़ाने पर विचार कर रहा है। अमेरिकी प्रशासन का आरोप है कि ये देश अतिरिक्त औद्योगिक उत्पादन को बढ़ावा दे रहे हैं, जिससे अमेरिकी कारोबारियों को नुकसान पहुंच रहा है। अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि जैमीसन ग्रीर 11 मार्च को उस जांच के निष्कर्ष जारी कर सकते हैं, जो उनके कार्यालय ने भारत समेत 16 देशों के खिलाफ शुरू की थी। यह पड़ताल 1974 के ट्रेड एक्ट के सेक्शन 301 के तहत की गई थी, जिसके तहत गलत व्यापारिक व्यवहार पाए जाने पर अमेरिकी राष्ट्रपति को टैरिफ लगाने का अधिकार मिलता है। रिपोर्ट के अनुसार, ग्रीर ने दलील दी है कि सब्सिडी और अन्य सरकारी मदद से इन देशों में जरूरत से ज्यादा औद्योगिक क्षमता बनी है, जिससे सस्ते उत्पादों से वैश्विक बाजार भर रहे हैं और अमेरिकी उत्पादकों को कम दामों पर मुकाबला करना पड़ रहा है।

रिपोर्ट बताती है कि भारत और वियतनाम पर यूरोपीय संघ, जापान और दक्षिण कोरिया के मुकाबले ज्यादा टैरिफ लग सकता है, जहां शुल्क दर 15 प्रतिशत या उससे कम रहने का अनुमान है। हालांकि, भारत के लिए प्रस्तावित सटीक टैरिफ दर का जिक्र रिपोर्ट में नहीं किया गया है, जबकि चीन पर कई अन्य देशों की तुलना में कहीं अधिक शुल्क लगने की संभावना जताई गई है। इस बीच, भारत और अमेरिका एक अंतरिम द्विपक्षीय व्यापार समझौते पर बातचीत आगे बढ़ा रहे हैं। पिछले साल लगाए गए इंटरनेशनल इमरजेंसी इकोनॉमिक पावर्स एक्ट के तहत टैरिफ को सुप्रीम कोर्ट द्वारा रद्द किए जाने के बाद दोनों देश फरवरी में तय किए गए फ्रेमवर्क पर फिर से चर्चा कर रहे हैं। भारत चाहता है कि अमेरिकी बाजार में उसके निर्यात पर बांग्लादेश, वियतनाम और कंबोडिया जैसे प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले कम टैरिफ लगे।

इससे पहले अमेरिका ने भारत को आश्वस्त किया था कि उसे अन्य अर्थव्यवस्थाओं की तुलना में टैरिफ में खासी सहूलियत मिलेगी, लेकिन यह काफी हद तक अंतिम टैरिफ ढांचे पर निर्भर करेगा क्योंकि बातचीत अभी जारी है। एक वरिष्ठ सरकारी अधिकारी ने समाचार एजेंसी एएनआई को बताया कि अमेरिका ने व्यापार समझौते में भारत को प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले टैरिफ में बड़ा लाभ देने का भरोसा दिया है और अब यह देखना होगा कि टैरिफ फ्रेमवर्क किस दिशा में जाता है। अधिकारी के अनुसार, दोनों देशों के बीच चर्चा जारी है और भारत इस वित्त वर्ष के अंत तक समझौते के पहले चरण को पूरा करने का लक्ष्य लेकर चल रहा है, साथ ही व्यापक द्विपक्षीय व्यापार समझौते (बीटीए) पर भी बात हो रही है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शुरुआती चरण में सेवाओं से जुड़े विषय शामिल नहीं होंगे, जिन्हें दूसरे चरण में लिया जाएगा और आगे चलकर बड़ा बीटीए तैयार होगा। इसके तहत अंतिम समझौते की रूपरेखा, अनुलग्नक के साथ कानूनी मसौदा और सीमा शुल्क तथा व्यापार सुविधा से जुड़ा विशेष अध्याय शामिल होगा। भारत और अमेरिका 2025 से व्यापार समझौते को अंतिम रूप देने के लिए प्रयासरत हैं, और भारत अपने आर्थिक हितों की सुरक्षा करते हुए अमेरिकी बाजार में प्रतिस्पर्धियों के मुकाबले बेहतर शुल्क दरों की उम्मीद कर रहा है।