ट्रंप के बाद कौन संभालेगा अमेरिका की कमान, 2028 की रेस पर डोनाल्ड ट्रंप का चौंकाने वाला बयान

ट्रंप के बाद कौन संभालेगा अमेरिका की कमान, 2028 की रेस पर डोनाल्ड ट्रंप का चौंकाने वाला बयान

वॉशिंगटन से आ रही सियासी हलचलों ने अमेरिकी राजनीति में 2028 के राष्ट्रपति पद के चेहरे को लेकर बहस छेड़ दी है। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में अपने संभावित उत्तराधिकारी को लेकर कयासों का बाजार गर्म कर दिया है। इससे पहले तक माना जा रहा था कि मौजूदा उपराष्ट्रपति जेडी वेंस उनकी स्वाभाविक पहली पसंद हैं, लेकिन हाल ही में जब पत्रकारों ने 2028 की उम्मीदवारी पर सीधा सवाल दागा, तो ट्रंप ने वेंस के नाम पर तत्काल मुहर लगाने से साफ परहेज किया।

पत्रकारों के सवालों का नपा-तुला जवाब देते हुए डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि इस मुद्दे पर फिलहाल कुछ भी कहना बेहद जल्दबाजी होगी। हालांकि पिछले बयानों में ट्रंप ने वेंस को अपना मजबूत उत्तराधिकारी करार दिया था, लेकिन इस बार उनका रुख थोड़ा सतर्क दिखा। ट्रंप ने जेडी वेंस की तारीफ करते हुए उन्हें बेहद प्रतिभाशाली और शानदार इंसान बताया, पर साथ ही यह जोड़ना नहीं भूले कि देश को पहले मध्यावधि चुनावों यानी मिडटर्म इलेक्शन के दौर से गुजरना होगा, जिसके बाद ही आगे की राजनीतिक तस्वीर साफ होगी। दूसरी तरफ वेंस पहले ही कह चुके हैं कि उन्होंने अपनी चुनावी दावेदारी पर अंतिम फैसला नहीं लिया है, हालांकि उन्हें ट्रंप के समर्थन की पूरी उम्मीद है।

बातचीत के दौरान वैश्विक राजनीति और यूरोप के बिगड़ते हालात पर भी ट्रंप खुलकर बोले। फ्रांस में आव्रजन नीतियों (इमिग्रेशन पॉलिसीज) को लेकर भड़की हिंसा पर चिंता जताते हुए उन्होंने आगाह किया कि अगर ऐसे हालात नहीं संभले तो पूरे यूरोप का अस्तित्व खतरे में पड़ सकता है। वहीं आगामी फ्रांसीसी राष्ट्रपति चुनाव में दक्षिणपंथी नेता मरीन ले पेन को समर्थन देने के सवाल पर ट्रंप ने किसी भी औपचारिक समर्थन से पल्ला झाड़ते हुए कहा कि वे ले पेन को निजी तौर पर नहीं जानते और न ही उनसे कभी मिले हैं।