16 साल की लड़की पर बनीं ये फिल्म, हर किसी को एक बार जरूर देखनी चाहिए

img

मनोरंजन डेस्क. ब्रिटिश जर्नलिस्ट लिन बर्बर के संस्मरण पर आधारित ये अमेरिकन फिल्म तीन एकेडमी अवार्ड्स के लिए नॉमिनेट हुई थी। रौटन टोमैटोज पर इस फिल्म को 94 पर्सेंट की रेटिंग मिली है। वहीं हर लड़की को ये फिल्म जरूर देखनी चाहिए। जब-जब वो ये भूलने लगे कि वो कौन है और उसके जीवन का मकसद क्या है, एक बार पलटकर फिर से इसे देख लेना चाहिए।

फिल्म का नाम है- एन एजूकेशन।

कहानी बड़ी मामूली सी है। 1961 का लंदन। जेनी नाम की 16 साल की एक खूबसूरत और बुद्धिमान लड़की, जिसका सपना है एक दिन आक्सफोर्ड यूनिवर्सिटी में पढ़ना। वो पढ़ने में बहुत अच्छी है, इसलिए टीचर्स चाहते हैं कि वो पढ़े। मां-बाप बहुत समृद्ध नहीं हैं, इसलिए चाहते हैं कि वो पढ़े। उसके सुंदर और सुरक्षित भविष्य के लिए। फिर कुछ घटनाएं ऐसी होती हैं कि जेनी को लगता है और उसके मां-बाप को भी कि अगर बिना पढ़े भी जेनी का भविष्य सुंदर और सुरक्षित हो सकता है तो वो न भी पढ़े तो चलेगा। आखिर लड़की है। हर लड़की अपना घर खुद नहीं बनाती। बहुत सी लड़कियों को बहुत सुंदर और बड़ा बना-बनाया घर भी मिल जाता है।

इस बने-बनाए घर और खुद के बनाए घर में क्या कोई फर्क है। क्या दोनों बातें एक ही हैं। क्या ऑक्सफ़ोर्ड इसलिए जाना था कि पैसे कमा सकें। क्या पैसे यूं ही आ जाएं तो ऑक्सफ़ोर्ड जाने, पढ़ने, इतनी मेहनत करने, जान लगाने की क्या जरूरत है। ऐसे अनेकों सवाल हो सकते हैं और उन सवालों का जवाब इस फिल्म में मिलता है। जेनी के सवालों का जवाब, जो उस उम्र की और किसी भी लड़की के सवाल हो सकते हैं। उसकी गलतियों, कमजोरियों, मूर्खताओं के जवाब, जो किसी भी लड़की की गलतियां और कमजोरियां हो सकती हैं।

Related News