दिल्ली पुलिस के 13 IPS अधिकारियों का तबादला, इन अफसरों को मिली नई जिम्मेदारी

img

दिल्ली पुलिस के 13 आईपीएस अधिकारियों के कार्य क्षेत्र में बदलाव किया गया है। कई आईपीएस अधिकारियों को बाहर से आने पर नई जिम्मेदारी दी गई है तो वहीं दिल्ली में पहले से तैनात पुलिस अधिकारियों के कार्य क्षेत्र में भी बदलाव किया गया है।

दक्षिण पश्चिम जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त इंगित प्रताप सिंह को दक्षिण पश्चिम जिला का डीसीपी नियुक्त किया गया है। दक्षिण पश्चिम जिला डीसीपी डीसीपी देवेंद्र आर्य को डीसीपी सिक्योरिटी की जिम्मेदारी दी गई है।  पुलिस मुख्यालय के अनुसार, उत्तरी रेंज के संयुक्त आयुक्त मनीष अग्रवाल को संयुक्त आयुक्त ट्रैफिक बनाया गया है।

वहीं पुडुचेरी से लौटे संयुक्त आयुक्त एसएस यादव उत्तरी रेंज की कमान संभालेंगे। दमन से लौटे अतिरिक्त आयुक्त ऋषिपाल को एडिशनल सीपी ट्रेनिंग लगाया गया है। वहीं लक्षदीप से लौटे शिबेश सिंह अतिरिक्त आयुक्त क्राइम ब्रांच का पद संभालेंगे। अंडमान से लौटने के बाद उषा रंगरानी को डीसीपी पीसीआर की जिम्मेदारी दी गई है। ट्रैफिक डीसीपी उर्वजा गोयल को आर्थिक अपराध शाखा की जिम्मेदारी दी गयी है।

इन अधिकारियों को मिली नई जिम्मेदारी

अरुणाचल प्रदेश से लौटे आईपीएस संजय कुमार सेन शाहदरा जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त होंगे। अरुणाचल से ही लौटे आईपीएस गुरइकबाल सिंह सिद्धू को उत्तर पश्चिम जिले का अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त बनाया गया है। अरुणाचल प्रदेश से लौटे आईपीएस विकास कुमार को पहली बटालियन का डीसीपी जबकि प्रशांत प्रिया गौतम को डीसीपी ट्रैफिक की जिम्मेदारी दी गई है। मिजोरम से लौटे आईपीएस अमित गोयल को एडिशनल डीसीपी दक्षिण पश्चिम जिले की जिम्मेदारी सौंपी गयी है।

Related News