img

Up kiran,Digital Desk :  उत्तर प्रदेश की सियासत में इन दिनों 'शेर' को लेकर जुबानी जंग तेज हो गई है। गोरखपुर में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ द्वारा कचरे (वेस्ट मटेरियल) से बनी एक शेर की कलाकृति के साथ फोटो खिंचवाने पर समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव ने करारा तंज कसा है। अखिलेश ने इसे 'नकली शेर' बताते हुए मुख्यमंत्री को इटावा की लायन सफारी देखने की सलाह दे डाली।

क्या है पूरा मामला? ईको पार्क में खिंचवाई फोटो

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गुरुवार को गोरखपुर में थे, जहां उन्होंने 1055 करोड़ रुपये की लागत वाली 497 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इसी दौरान उन्होंने राप्ती नदी के तट पर 'लिगेसी वेस्ट' (पुराने कूड़े) को साफ कर बनाए गए ईको पार्क का भ्रमण किया। पार्क में लोहे के कबाड़ और वेस्ट मटेरियल से कई कलाकृतियां बनाई गई हैं। सीएम ने वहां वेस्ट से बने एक शेर के ढांचे के पास रुककर फोटो खिंचवाई, जो सोशल मीडिया पर वायरल हो गई।

अखिलेश का प्रहार: "शेर बनाना था तो कायदे से बनाते"

सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने इस फोटो को शेयर करते हुए एक्स (X) पर लिखा:

"नकली शेर के साथ मुस्कान, असली देखें तो हो जाए धड़ाम। लगता है कोरोना काल का शेर है, तभी इसके बाल और अयाल इतने लंबे हैं। शेर बनाना ही था तो कायदे से बनाते और इसके लिए सपाकाल में बनी इटावा की लायन सफारी ही देख आते।"

अखिलेश यादव अक्सर अपनी सरकार के दौरान विकसित की गई इटावा लायन सफारी का जिक्र कर भाजपा सरकार पर निशाना साधते रहते हैं। उनका इशारा था कि कूड़े से बनी कलाकृति में शेर का स्वरूप सही नहीं है।

योगी ने रवि किशन की 'पत्नी भक्ति' पर ली चुटकी

मंच से संबोधन के दौरान सीएम योगी भी हल्के-फुल्के अंदाज में नजर आए। उन्होंने गोरखपुर के सांसद रवि किशन के उस चर्चित बयान पर चुटकी ली, जिसमें उन्होंने संसद में कहा था कि वह अपनी पत्नी के पैर छूते हैं। योगी ने जनता से पूछा, "आपने सांसद जी का भाषण तो सुना ही होगा, लेकिन क्या आप उनके बताए आचरण को अपना रहे हैं या नहीं?" सीएम की इस बात पर पंडाल ठहाकों से गूंज उठा।

"कचरे में हीरा खोज लेते हैं योगी"

सांसद रवि किशन ने पलटवार करते हुए मुख्यमंत्री के विजन की जमकर तारीफ की। उन्होंने कहा कि जहां पहले गटर और कूड़े का ढेर था, वहां अब शानदार ईको पार्क है। रवि किशन के शब्दों में, "महाराज जी (योगी) का विजन ऐसा है कि वह कचरे में भी हीरा खोज लेते हैं। अब यहां फिल्मों की शूटिंग होगी और लोगों को रोजगार मिलेगा।"

इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने नगर निगम के बेड़े में शामिल नए सीएनजी वाहनों और मोक्ष वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। राजनीतिक गलियारों में अब इस 'शेर' वाली फोटो और अखिलेश के पलटवार की खूब चर्चा हो रही है।