img

LIC के शेयरों में गिरावट देखने को मिली। हिंडनबर्ग की रिपोर्ट में अडानी कंपनी का पर्दाफाश होने के बाद सरकारी बीमा कंपनी के शेयरों में भी निरंतर गिरावट आ रही है।

LIC का मार्केट कैप लगभग 65,400 करोड़ रुपए टूटा है। बीते कल तक कंपनी की मार्केट वैल्यू 4,44,141 करोड़ रुपए से गिरकर 3,78,740 रुपए हो गई थी। 5 दिनों में कंपनी के शेयरों में 14.73 % की गिरावट आ चुकी है।

हालांकि गुरुवार को कंपनी के शेयर में बढ़ोतरी हुई है, मगर बीते कई दिनों में इसमें गिरावट देखने को मिल रही है। हमें यह समझने की जरूरत है कि आखिर इसके पीछे क्या कारण है।

यूएस बेस्ड शॉर्ट सेलर हिंडनबर्ग रिसर्च की रिपोर्ट के बाद अदानी कंपनी के शेयरों में गिरावट आ रही है। हिंडनबर्ग रिपोर्ट में अडानी समूह पर पिछले कुछ दशकों में शेयर बाजार में हेरफेर और लेखा धोखाधड़ी का इल्जाम लगाया गया है। हालांकि अदाणी समूह ने इस दावे को फर्जी व निराधार बताया है।

अब आपके मन में एक सवाल जरूर आया होगा कि क्या इस रिपोर्ट की वजह से अदानी ग्रुप के शेयरों में गिरावट आई है? क्या है LIC के शेयरों में गिरावट की वजह? इसकी वजह अदानी ग्रुप की कंपनियों में LIC की हिस्सेदारी है।

वर्तमान में, अदानी समूह की प्रमुख कंपनी अदानी एंटरप्राइजेज में LIC की 4.23 प्रतिशत हिस्सेदारी है। वहीं LIC की अडानी पोर्ट्स में 9.14 % और अडानी टोटल गैस में 5.96 % हिस्सेदारी है। हाल की शेयर बिक्री में LIC भी एक प्रमुख निवेशक था।

इस बीच, LIC ने कहा कि उसने शॉर्ट सेलिंग फर्म की रिपोर्ट पर अडानी समूह के प्रबंधन से स्पष्टीकरण मांगा है। दूसरी ओर, LIC ने भी एक बयान में कहा है कि उसे समूह की कंपनियों में निवेश पर अच्छा रिटर्न मिला है। कंपनी ने स्टॉक और बॉन्ड निवेश पर लगभग 100 प्रतिशत लाभ कमाया है। LIC ने यह भी कहा कि अडानी ग्रुप के शेयरों और बॉन्ड में बहुत कम निवेश हुआ है।

--Advertisement--