_1228245401.png)
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के 24 घंटे के भीतर भारत सरकार ने बुधवार को कड़ा रुख अपनाते हुए पाकिस्तान के खिलाफ कई अहम और निर्णायक कदम उठाए हैं। इन फैसलों का सीधा असर दोनों देशों के आम नागरिकों, खासतौर से आपसी संबंधों और चल रही गतिविधियों पर भी पड़ा है। इनमें एक मामला राजस्थान के शैतान सिंह का है, जिसकी शादी अब भारत-पाक सीमा पर सस्पेंड हो गई है।
सरकार का सख्त फैसला, 48 घंटे में वापसी का फरमान
केंद्र सरकार ने आदेश जारी कर कहा है कि पाकिस्तानी नागरिकों को 48 घंटे के भीतर भारत छोड़ना होगा। ये नियम SAARC और SVES वीजा धारकों पर तुरंत लागू किया गया है। अन्य वीजा धारकों को 1 मई 2025 तक भारत छोड़ने का निर्देश है।
इसके अलावा भारत ने अटारी बॉर्डर पर स्थित इंटिग्रेटेड चेकपोस्ट को तत्काल प्रभाव से बंद कर दिया है। केवल वही नागरिक जो पहले ही पाकिस्तान जा चुके हैं और जिनके पास सभी वैध दस्तावेज हैं, उन्हें 1 मई से पहले वापस आने की अनुमति दी गई है।
राजस्थान की शादी बॉर्डर पर थमी
इस राजनीतिक और सुरक्षा फैसले का सीधा असर राजस्थान के रहने वाले शैतान सिंह की शादी पर पड़ा। शैतान सिंह की शादी आज पाकिस्तान में होनी थी। वह अटारी बॉर्डर के जरिए पाकिस्तान जाने वाला था, मगर बॉर्डर पर उसे रोक दिया गया।
शैतान सिंह ने मीडिया से कहा कि आज मेरी शादी थी, मगर अब हमें पाकिस्तान नहीं जाने दिया जा रहा है। बॉर्डर बंद है। जो आतंकवादियों ने किया, वह गलत था। सरकार ने जो फैसला लिया है, वह भी सही है। अब देखते हैं आगे क्या होता है।
शैतान सिंह के भाई सुरिंदर सिंह ने कहा कि हम पाकिस्तान में अपने भाई की शादी में जा रहे थे। हमारी दादी और उनके चार बेटे पाकिस्तान में रहते हैं, जबकि एक बेटा भारत में है। हम सब बहुत दुखी हैं, मगर पहलगाम का हमला बहुत गलत था।