img

Up Kiran, Digital Desk:  बिहार के महुआ शाहिद मोहल्ला में उस वक्त हड़कंप मच गया जब दिल्ली की मशहूर आर्केस्ट्रा डांसर नेहा सिंह (32) ने फांसी लगाकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। यह घटना रविवार सुबह की है, जब देर रात झारखंड से एक कार्यक्रम से लौटने के बाद नेहा ने अपने पति से फोन पर हुई तीखी बहस के बाद यह खौफनाक कदम उठा लिया।

जानकारी के अनुसार, नेहा सिंह पिछले तीन साल से औरंगाबाद के बाबूलाल प्रसाद के मकान में किराए पर रह रही थी। उसके साथ उसका 10 वर्षीय बेटा शिवांश और आर्केस्ट्रा में काम करने वाली अन्य लड़कियां भी रहती थीं। उसका पति दर्पण पासवान भी उसी मकान में साथ रहता था, लेकिन घटना के वक्त वह किसी ज़रूरी काम से अपने पैतृक गांव डिहरी गया हुआ था।

फोन पर विवाद और धमकी

बताया जा रहा है कि शनिवार देर रात नेहा झारखंड के हरिहरगंज में एक कार्यक्रम कर सुबह लगभग 3 बजे अपने किराए के कमरे पर लौटी थी। लौटने के तुरंत बाद उसने अपने पति दर्पण को फोन किया। हालांकि, फोन पर ही दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इस दौरान, नेहा ने गुस्से में दर्पण को फांसी लगाकर आत्महत्या करने की धमकी दी। नेहा की इस धमकी से दर्पण बेहद चिंतित हो गया, लेकिन वह उस समय औरंगाबाद में मौजूद नहीं था।

पुत्र ने दी जानकारी, सुबह मिला शव

पत्नी की धमकी ने दर्पण को रात भर सोने नहीं दिया। सुबह करीब 4 बजे उसने अपने बेटे शिवांश को फोन कर नेहा के बारे में पूछा। शिवांश ने बताया कि मां अभी सोई नहीं है और अपने कमरे में मोबाइल देख रही है। लेकिन कुछ ही देर बाद नेहा ने पंखे से दुपट्टा बांधकर फांसी का फंदा बना लिया और झूल गई। सुबह 4 बजे दर्पण ने नेहा के साथ काम करने वाली रोशन को फोन कर कमरे में जाकर नेहा को देखने के लिए कहा। रोशन जब नेहा के कमरे के बाहर पहुंची और अंदर झाँका, तो नेहा फंदे से लटकी हुई मिली।

मौके पर जुटी भीड़, पुलिस जांच शुरू

रोशन ने तुरंत शोर मचाकर घटना की जानकारी नेहा के बेटे शिवांश और अन्य लोगों को दी। आवाज सुनकर मकान मालिक और आस-पड़ोस के लोग भी मौके पर इकट्ठा हो गए। सूचना मिलने के लगभग एक घंटे बाद मृतका का पति दर्पण भी वहां पहुंच गया। उसने तत्काल घटना की सूचना नगर थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन में जुट गई। थाना अध्यक्ष उपेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गहराई से छानबीन की जा रही है।

पारिवारिक विवाद और दूसरी शादी का इतिहास

पुलिस जांच में पता चला है कि नेहा सिंह की यह दूसरी शादी थी। उसकी पहली शादी दिल्ली में हुई थी। एक मशहूर डांसर होने के कारण नेहा अक्सर आर्केस्ट्रा के कार्यक्रमों में भाग लेती रहती थी। इसी दौरान उसकी मुलाकात डेहरी के जक्खी बिगहा के रहने वाले दर्पण से हुई, जो आर्केस्ट्रा ग्रुप का आयोजक था।

कार्यक्रमों के सिलसिले में अक्सर एक साथ आने-जाने के दौरान दोनों में नजदीकियां बढ़ीं और प्यार गहराता चला गया। करीब 6 साल पहले नेहा ने अपने पहले पति को छोड़कर दर्पण से दूसरी शादी कर ली। वह अपने पहले पति से हुए बेटे शिवांश को भी अपने साथ लेकर दर्पण के घर डेहरी आ गई थी। बाद में दर्पण ने नेहा के नाम से 'नेहा एंटरटेनमेंट ग्रुप' बनाया और औरंगाबाद में किराए के मकान पर रहने लगा।

नेहा और दर्पण मिलकर शादी-पार्टियों व अन्य समारोहों के लिए आर्केस्ट्रा की बुकिंग लेते थे। नेहा के बेटे शिवांश ने पुलिस को बताया कि उसकी मां अक्सर शराब पीकर घर आती थी और नशे की हालत में पिता से झगड़ा करती थी। नेहा को अपने पति पर दूसरी महिलाओं से बात करने और उनके साथ समय बिताने का शक था, और इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर कहासुनी होती थी। शिवांश के अनुसार, उसकी मां पहले भी कई बार फांसी लगाकर आत्महत्या करने की धमकी दे चुकी थी, लेकिन दर्पण को इस बार ऐसा कदम उठाने का बिल्कुल भी अंदाजा नहीं था। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि देर रात झारखंड से लौटने के बाद नेहा ने अत्यधिक शराब पी थी, जिसके बाद पति से फोन पर हुए विवाद ने उसे यह घातक कदम उठाने पर मजबूर कर दिया।

 

--Advertisement--