img

मुंबई। कांग्रेस नेता राहुल गांधी मुंबई में मणि भवन से अगस्त क्रांति मैदान तक न्याय संकल्प पदयात्रा कर रहे हैं। इस दौरान प्रियंका गांधी और महात्मा गांधी के परपोते तुषार गांधी समेत तमाम कांग्रेस समर्थक शामिल हुए। मौजूद हैं। यह यात्रा अगस्त क्रांति मैदान पहुँच कर सभा में तब्दील हो गयी। अगस्त क्रांति मैदान में ही 1942 में गांधी जी ने भारत छोड़ो आंदोलन का आह्वान किया था। राहुल गांधी ने कहा कि हम बापू के दिखाए मार्ग पर चलकर देश में मोहब्बत, भाईचारा, और न्याय की स्थापना करेंगे।

अगस्त क्रांति मैदान में लोगों को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी देश में नफरत फैलाने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि अगर भारत मोहब्बत का देश है, तो यहां पर नफरत क्यों फैलाई जा रही है? लेकिन इस नफरत का कोई आधार तो जरूर होगा,। राहुल गांधी ने कहा कि इस नफरत का आधार अन्याय है। इस देश में हर दिन गरीबों, किसानों, दलितों, महिलाओं और युवाओं के साथ घोर अन्याय हो रहा है।

राहुल गांधी ने कहा कि देश में गरीब जनता के साथ अन्याय हो रहा है। चंद अरबपतियों का लाखों-करोड़ों का कर्ज माफ हो जाता है, लेकिन किसानों का एक रुपया भी माफ नहीं होता। राहुल ने कहा कि हिंदुस्तान पहला देश है, जिसने आजादी की लड़ाई भी मोहब्बत के साथ लड़ी। मैं दक्षिण अफ्रीका गया तो नेल्सन मंडेला ने मुझसे कहा कि हमें आजादी की राह गांधी जी और हिंदुस्तान ने दिखाई है।

गौरतलब है कि  न्याय संकल्प पदयात्रा में में कई विपक्षी इंडी ब्लॉक के सदस्य शामिल हुए। शाम को शिवाजी पार्क में इंडिया गठबंधन की एक बड़ी रैली होने जा रही है, जिसे राहुल गांधी समेत कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के नेता संबोधित करेंगे। इस रैली में विपक्ष का शक्ति प्रदर्शन होगा। महाराष्ट्र कांग्रेस अध्यक्ष नाना पटोले ने बताया कि इस रैली में तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन, राजद नेता तेजस्वी यादव और सपा प्रमुख अखिलेश यादव समेत कई नेता हिस्सा लेंगे। 

--Advertisement--