img

Up Kiran, Digital Desk: उत्तराखंड की राजनीति में एक बार फिर उबाल आ गया है। यमुनोत्री से निर्दलीय विधायक संजय डोभाल सोमवार को मसूरी में पुलिस के साथ तीखी बहस और झड़प में फंस गए। डोभाल अपने समर्थकों के साथ देहरादून की ओर बढ़ रहे थे, लेकिन मसूरी में पुलिस ने उन्हें रोक लिया।

पुलिस का कहना है कि गलोगी क्षेत्र के पास भारी लैंडस्लाइड की वजह से सड़क पूरी तरह बंद थी। सुरक्षा कारणों से सभी वाहनों को मसूरी में ही रोक दिया गया। लेकिन विधायक और उनके समर्थक इससे संतुष्ट नहीं हुए और मौके पर ही पुलिस से बहस शुरू हो गई।

करीब एक घंटे तक चला यह टकराव उस समय थमा, जब सड़क को आंशिक रूप से खोला गया और वाहनों को आगे बढ़ने की अनुमति मिली। इसके बाद संजय डोभाल देहरादून रवाना हुए।

क्या कह रहे हैं विधायक संजय डोभाल?

विधायक डोभाल ने स्पष्ट कहा कि वह 22 सितंबर को देहरादून स्थित मुख्यमंत्री आवास की ओर कूच करने जा रहे थे। उनके अनुसार, यह प्रदर्शन यमुनोत्री और चारधाम यात्रा की उपेक्षा, आपदा प्रभावित क्षेत्रों की अनदेखी, खराब कानून-व्यवस्था और भ्रष्टाचार के खिलाफ था।

उन्होंने कहा कि सरकार लोकतांत्रिक अधिकारों को दबाने की कोशिश कर रही है। हमें शांतिपूर्ण प्रदर्शन करने से रोका जा रहा है, जो हमारे संविधान में दिए गए अधिकार का उल्लंघन है।

डोभाल ने यह भी आरोप लगाया कि मसूरी से पहले छुनाखाला बैरियर पर भी पुलिस ने उन्हें रोकने की कोशिश की थी।