img

Russia Ukraine War: चुनाव के दौरान यूक्रेन-रूस युद्ध रोकने का वादा करने वाले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में अहम जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 'मैंने रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और उसके बाद यूक्रेनी राष्ट्रपति जेलेंस्की से फोन पर बातचीत की। ये एक लंबी और बहुत सकारात्मक चर्चा थी।"

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने बुधवार को व्हाइट हाउस में मीडिया से बात की। ट्रंप ने पुतिन के साथ लगभग डेढ़ घंटे तक बातचीत की। इस बारे में बोलते हुए ट्रंप ने कहा, "पुतिन और ज़ेलेंस्की के साथ युद्धविराम के मुद्दे पर चर्चा की। पुतिन के प्रतिनिधिमंडल के साथ तत्काल वार्ता करने पर सहमति बनी। हम सऊदी अरब में मिलेंगे।"

डोनाल्ड ट्रंप ने ये भी कहा कि यूक्रेन में चुनाव कराए जाने चाहिए। दूसरी ओर, बेल्जियम स्थित नाटो मुख्यालय में बोलते हुए अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने स्पष्ट किया कि अमेरिका अब यूक्रेन को बड़े पैमाने पर वित्तीय और सैन्य सहायता प्रदान नहीं करेगा, जो वह पहले प्रदान करता था।

डोनाल्ड ट्रंप को रूस आने का न्योता

इस बीच क्रेमलिन के प्रवक्ता दिमित्री पेस्कोव ने बताया कि ट्रंप और पुतिन के बीच लंबी चर्चा हुई। दोनों नेताओं ने एक-दूसरे के देशों की यात्रा करने पर सहमति व्यक्त की। पुतिन ने डोनाल्ड ट्रंप को रूस आने का निमंत्रण भी दिया।

यूक्रेनी राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने क्या कहा?

यूक्रेनी राष्ट्रपति ज़ेलेंस्की ने डोनाल्ड ट्रंप के साथ अपनी चर्चा के बारे में जानकारी दी। ज़ेलेंस्की ने कहा, "मैंने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के साथ बातचीत की। दोनों देश रूसी आक्रामकता को रोकने और एक स्थिर, विश्वसनीय शांति स्थापित करने के लिए आगे बढ़ने की योजना पर मिलकर काम कर रहे हैं।"