Up kiran,Digital Desk : संसद के बजट सत्र में जारी गतिरोध खत्म होने के बाद लोकसभा में आम बजट 2026 पर चर्चा शुरू हुई। इस दौरान कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने विपक्ष की ओर से बहस में हिस्सा लेते हुए सरकार को कई मुद्दों पर घेरा। केरल की तिरुवनंतपुरम सीट से सांसद थरूर ने पीएम किसान सम्मान निधि और मनरेगा की जगह लाए गए वीबीजी राम जी कानून को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल खड़े किए।
शशि थरूर ने कहा कि पीएम किसान सम्मान निधि के तहत किसानों को मिलने वाली 2,000 रुपये की राशि अपर्याप्त है और इसे बढ़ाया जाना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने का वादा किया था, लेकिन जमीनी हकीकत कुछ और ही है।
बजट पर टिप्पणी करते हुए थरूर ने सरकारी खर्च में कमी और कर राजस्व संग्रह में ठहराव की भी आलोचना की। उन्होंने केंद्रीय बजट को “निराशाजनक” बताते हुए कहा कि सरकार केवल आंकड़ों और सुर्खियों के सहारे काम चला रही है, जबकि असल मुद्दों पर ठोस काम नहीं हो रहा।
इसके अलावा थरूर ने मनरेगा को बदलकर लागू किए गए वीबीजी राम जी कानून का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे ग्रामीण रोजगार और गरीब तबके पर नकारात्मक असर पड़ सकता है। उनका कहना था कि सरकार को नीतियां बनाते समय जमीनी जरूरतों को प्राथमिकता देनी चाहिए।




