सुशांत सिंह राजपूत के निधन के एक महीने बाद एक्स गर्लफ्रेंड अंकिता लोखंडे ने शेयर किया ये पोस्ट

img

नई दिल्ली॥ अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत की गर्लफ्रेंड रह चुकी अभिनेत्री अंकिता लोखंडे ने सुशांत सिंह राजपूत के निधन के पूरे एक महीने बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर किया है। अपनी इस पोस्ट में अंकिता ने एक तस्वीर शेयर की है जिसमें उनके घर के मंदिर की झलक दिखाई दे रही है और एक दीया जलता नजर आ रहा है।

Ankita Lokhande

इस फोटो को पोस्ट करते हुए अंकिता लोखंडे ने कैप्शन में लिखा है-‘भगवान का बच्चा।’ सुशांत सिंह राजपूत और अंकिता लोखंडे टेलीविजन की दुनिया के सबसे मशहूर कपल में से एक थे। दोनों की मुलाकात साल 2009 में एकता कपूर की मशहूर धारावाहिक ‘पवित्र रिश्ता’ के सेट पर हुई थी। इस धारावाहिक में सुशांत ने मानव और अंकिता ने अर्चना का किरदार निभाया था।

इस धारावाहिक के सेट पर दोनों को एक दूसरे से प्यार हो गया। दोनों एक-दूसरे को डेट करने लगे और दोनों शादी भी करना चाहते थे, लेकिन छह साल के लम्बे रिलेशनशिप के बाद दोनों अलग हो गए। हालांकि इसकी असली वजह सामने नहीं आई। उधर, अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत के साथ अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती का नाम जुड़ गया।

सुशांत के निधन का कारण दम घुटना बताया गया

अचानक 14 जून, 2020 को सुशांत ने मुंबई के बांद्रा स्थित अपने आवास पर सुसाइड कर लिया। हालांकि इसकी असली वजह अब तक सामने नहीं आई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में जहां सुशांत के निधन का कारण दम घुटना बताया गया, वहीं कुछ लोग उन्हें डिप्रेशन का शिकार बता रहे हैं। 15 जून को सुशांत का अंतिम संस्कार होने के बाद उनकी एक्स गर्लफ्रेंड अंकिता उनके परिजनों से मिलने उनके घर पहुंची थी। सुशांत सिंह राजपूत के निधन के बाद अंकिता ने आज पहली बार पोस्ट किया है।

इससे पहले वह सोशल मीडिया से दूरी बनाई हुई थी। उनके करीबी दोस्तों का कहना था कि सुशांत के निधन के बाद से अंकिता टूट गई थी और रोती रहती थी। अंकिता और सुशांत के करीबी दोस्त संदीप सिंह ने एक बार खुलासा किया था कि अंकिता ने अपने घर की नेम प्लेट से अब तक सुशांत का नाम नहीं हटाया है।

आज सुशांत के निधन को पूरे एक महीने हो गए हैं, लेकिन आज भी फैंस इस सदमे से बाहर नहीं निकल पा रहे हैं और सोशल मीडिया पर सुशांत के लिए इन्साफ की मांग कर रहे हैं। वहीं सुशांत सिंह राजपूत सुसाइड मामले में उनके फैंस और कुछ लोगों ने सीबीआई जांच की मांग की है।

Related News