अब कोई आपको बुलाए और आप मिस कर दें, ऐसा नहीं होगा! फोन में करें ये सेटिंग

अब कोई आपको बुलाए और आप मिस कर दें, ऐसा नहीं होगा! फोन में करें ये सेटिंग

ईयरफोन या हेडफोन लगाकर काम में डूबे रहना हो या फिर तेज वॉल्यूम पर पसंदीदा प्लेलिस्ट सुनना, ऐसे वक्त में जब कोई पास आकर आपका नाम पुकारता है तो अक्सर आवाज सुनाई नहीं देती। कई बार इस वजह से जरूरी बातें मिस हो जाती हैं या फिर असहज स्थिति बन जाती है। लेकिन अब टेक दिग्गज ऐपल (Apple) ने अपने आईफोन यूजर्स के लिए इस रोजमर्रा की परेशानी का स्मार्ट समाधान पेश किया है।

कंपनी के ऑपरेटिंग सिस्टम में 'नेम रिकॉग्निशन' (Name Recognition) नाम का एक पावरफुल और सीक्रेट एक्सेसिबिलिटी टूल मिलता है, जो आपके नाम की आवाज को पहचानते ही स्क्रीन पर तुरंत अलर्ट भेज देता है।

कैसे काम करता है आईफोन का यह सीक्रेट 'नेम रिकॉग्नाइज' टूल?

यह उन्नत फीचर iOS 26 और इसके बाद के सॉफ्टवेयर वर्जन्स पर उपलब्ध कराया गया है। एक बार एक्टिवेट हो जाने के बाद आईफोन का माइक्रोफोन और न्यूरल इंजन बैकग्राउंड में आपके नाम की पुकार पर नजर रखता है। जैसे ही आसपास से कोई आपका नाम पुकारता है, डिवाइस उस साउंड पैटर्न को पहचान कर वाइब्रेशन और ऑन-स्क्रीन नोटिफिकेशन के जरिए आपको सतर्क कर देता है। इस फीचर की सबसे बड़ी खूबी यह है कि आप अपनी आवाज में या अपने किसी परिचित की आवाज में नाम बोलकर फोन को कस्टम ट्रेनिंग दे सकते हैं। यदि आपके घर या ऑफिस में अलग-अलग निकनेम या कई नाम इस्तेमाल होते हैं, तो आप एक से अधिक नामों को भी इस सिस्टम में जोड़ सकते हैं।

अपने iPhone में इस फीचर को स्टेप-बाय-स्टेप ऐसे करें ऑन

इस उपयोगी टूल को शुरू करने के लिए प्रक्रिया बेहद सीधी और आसान है। सबसे पहले अपने आईफोन की मुख्य 'सेटिंग्स' (Settings) ऐप खोलें। नीचे स्क्रॉल करके 'एक्सेसिबिलिटी' (Accessibility) विकल्प पर टैप करें। इसके बाद हियरिंग सेक्शन में जाकर 'साउंड एंड नेम रिकॉग्नाइज' (Sound and Name Recognition) विकल्प का चयन करें। यहां आपको 'नेम रिकॉग्नाइज' का विकल्प दिखाई देगा, जिस पर टैप करने के बाद 'सेटअप नेम रिकॉग्नाइज' पर क्लिक करना होगा। अब स्क्रीन पर दिए गए निर्देशों के अनुसार अपना नाम टाइप करें और फिर माइक के सामने उस नाम को बोलकर अपनी आवाज का सैंपल रिकॉर्ड कर लें। रिकॉर्डिंग पूरी होने के बाद 'डन' पर क्लिक करें। इसी आसान प्रक्रिया को दोहराकर आप अपने अन्य नाम या निकनेम भी फोन में सेव कर सकते हैं।

कंट्रोल सेंटर से तुरंत ऑन-ऑफ करने की सुविधा और जरूरी सावधानियां

यूजर्स की सहूलियत के लिए ऐपल ने इस टूल को सीधे 'कंट्रोल सेंटर' (Control Center) में जोड़ने की सुविधा भी दी है, जिससे आप बिना सेटिंग्स में जाए ऊपर से स्वाइप करके इसे जब चाहें चालू या बंद कर सकते हैं। हालांकि, ध्यान देने योग्य बात यह है कि यह फीचर iOS 26 और उससे नए अपडेट्स पर ही काम करता है तथा वर्तमान में चुनिंदा वैश्विक भाषाओं के उच्चारण को ही सपोर्ट करता है। साथ ही ऐपल ने आधिकारिक तौर पर यूजर्स को हिदायत दी है कि किसी भी आपातकालीन स्थिति, मेडिकल इमरजेंसी, भारी खतरे या ऐसी परिस्थितियों में जहां अलर्ट मिस होने से शारीरिक चोट या जान-माल का नुकसान हो सकता हो, वहां पूरी तरह इस फीचर के भरोसे न रहें।