जैसलमेर से लौट रहे दोस्तों के साथ रास्ते में हुआ हादसा, कार बाइक से भिड़ी, 2 की मौत

जैसलमेर से लौट रहे दोस्तों के साथ रास्ते में हुआ हादसा, कार बाइक से भिड़ी, 2 की मौत

राजस्थान के बाड़मेर जिले में जैसलमेर-बाड़मेर राष्ट्रीय राजमार्ग-68 पर रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में दो युवकों की अकाल मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। भाडखा गांव के समीप स्विफ्ट कार और मोटरसाइकिल के बीच हुई सीधी और जोरदार भिड़ंत में दोनों वाहन बुरी तरह चकनाचूर हो गए।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार सवार घायल युवक काफी देर तक क्षतिग्रस्त वाहन के मलबे में ही फंसे तड़पते रहे। बाद में मौके पर पहुंची पुलिस ने राहत और बचाव कार्य शुरू कर घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला और जिला अस्पताल पहुंचाया।

सूरत से 15 दिन के ट्रिप पर राजस्थान निकले थे चार दोस्त

बाड़मेर ग्रामीण थानाधिकारी जसवंतसिंह राजपुरोहित के अनुसार, गुजरात के सूरत शहर से चार दोस्त 15 दिन के राजस्थान टूर पर निकले थे। सूरत निवासी राहुल (28) पुत्र रमेश भाई प्रजापति अपने साथी मोहित कुमार, पार्थ वरिया और आकाश के साथ गुरुवार रात कार से रवाना हुए थे। सभी दोस्त जैसलमेर के विश्व प्रसिद्ध सम के टीलों पर भ्रमण करने के बाद शनिवार रात करीब 12 बजे बाड़मेर के लिए निकले थे। रास्ते में हाईवे किनारे स्थित एक पेट्रोल पंप पर चारों दोस्तों ने करीब चार-पांच घंटे रुककर आराम किया और सुबह तड़के अपनी मंजिल की ओर आगे बढ़े ही थे कि कुछ ही दूरी पर यह दर्दनाक हादसा पेश आ गया।

भाडखा के पास आमने-सामने हुई भिड़ंत, 2 घरों के बुझे चिराग

रविवार सुबह जब पर्यटकों की कार भाडखा गांव के नजदीक पहुंची, तो सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक से उसकी सीधी टक्कर हो गई। मोटरसाइकिल पर तिरसिंगड़ी गांव का निवासी छोगाराम (20) पुत्र श्रवण राम सवार था, जो पेशे से पेंटर था और काम के सिलसिले में जैसलमेर के फतेहगढ़ की ओर जा रहा था। इस भीषण भिड़ंत में बाइक सवार छोगाराम और कार सवार राहुल प्रजापति (जो सूरत में कार डेकोरेशन का व्यवसाय करते थे) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। वहीं कार में सवार अन्य तीन दोस्त मोहित, पार्थ और आकाश गंभीर रूप से घायल हो गए।

तमाशबीन बने रहे लोग, कार में फंसे घायलों ने लगाई मदद की गुहार

हादसे में घायल आकाश, जो सूरत में एक रेस्टोरेंट चलाते हैं, ने अस्पताल में आपबीती बताते हुए गंभीर आरोप लगाया कि टक्कर के बाद वे लोग बुरी तरह पिचक चुकी कार के अंदर फंस गए थे और दर्द से कराहते हुए बाहर मौजूद लोगों से मदद की गुहार लगाते रहे। आरोप है कि मौके पर भीड़ जमा होने के बावजूद किसी ने उन्हें फौरन बाहर निकालने की जहमत नहीं उठाई। सूचना मिलने पर बाड़मेर ग्रामीण पुलिस मौके पर पहुंची और तत्परता दिखाते हुए वाहन को काटकर घायलों को बाहर निकाला व एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया, जहां तीनों का उपचार जारी है। पुलिस ने दोनों मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है और परिजनों को सूचित करते हुए दुर्घटना के वास्तविक कारणों की कानूनी जांच शुरू कर दी है।