खाना खाते ही पेट बन जाता है गुब्बारा; थाली में रखी ये 4 चीजें बना रही हैं गैस का महा-बम, डॉक्टर ने चेताया!
अक्सर देखा जाता है कि खाना खत्म करते ही अचानक पेट में भारीपन, तेज गैस, एसिडिटी और ब्लोटिंग की समस्या शुरू हो जाती है। कई बार लोग इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन पेट का इस तरह फूलना सीधे तौर पर आपकी थाली में मौजूद कुछ खास चीजों से जुड़ा होता है। इंडियन स्पाइनल इंजरीज सेंटर (ISIC) मल्टीस्पेशलिटी अस्पताल के वरिष्ठ गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट के अनुसार, हमारी डाइट में शामिल कुछ बेहद लोकप्रिय और पारंपरिक व्यंजन पेट में गैस और ब्लोटिंग को तेजी से ट्रिगर करते हैं।
पेट फूलने की सबसे बड़ी वजहों में पहले नंबर पर आता है उत्तर भारत का पसंदीदा व्यंजन राजमा। डॉक्टर के मुताबिक, राजमा में राफिनोज (Raffinose) नामक जटिल शुगर और भारी मात्रा में फर्मेंटेबल कार्बोहाइड्रेट्स मौजूद होते हैं। हमारी छोटी आंत इन तत्वों को पूरी तरह से पचा नहीं पाती। नतीजतन, ये अधपचे तत्व जब बड़ी आंत (कोलोन) में पहुंचते हैं, तो वहां मौजूद बैक्टीरिया इन्हें फर्मेंट करने लगते हैं, जिससे पेट के भीतर तेजी से गैस का गुबार बनता है और पेट फूलने लगता है।
ज्यादा छोले भी राजमा की तरह ही पेट के लिए सही नहीं
इसी सूची में दूसरा बड़ा नाम छोलों (काबुली चने) का है। स्वाद और पोषण में भरपूर होने के बावजूद छोले भी राजमा की तरह ही पेट के लिए भारी साबित होते हैं। छोलों में फाइबर और फर्मेंटेबल कार्ब्स की मात्रा काफी अधिक होती है। यदि कोई व्यक्ति नियमित या अधिक मात्रा में छोलों का सेवन करता है, तो पाचन तंत्र पर दबाव बढ़ता है और भारी गैस व गंभीर ब्लोटिंग की शिकायत सामने आने लगती है।
तीसरा बड़ा कारण दूध और उससे बने डेयरी उत्पाद हैं। यदि कोई व्यक्ति लैक्टोज इंटॉलरेंस (Lactose Intolerance) का शिकार है, तो उसके शरीर में दूध की नेचुरल शुगर को पचाने वाले एंजाइम की कमी होती है। ऐसे लोगों के लिए सादा दूध पीना या डेयरी प्रोडक्ट्स का सेवन सीधे तौर पर आंतों में जलन, मरोड़ और असहज ब्लोटिंग की वजह बन जाता है।
इसके अलावा, अत्यधिक प्रोटीन से भरपूर पारंपरिक दालें भी कई लोगों के पाचन तंत्र को सूट नहीं करतीं। विशेषज्ञों के अनुसार, खासतौर पर चने की दाल, अरहर (तुअर) की दाल और काली उड़द की दाल खाने के बाद कई व्यक्तियों में पेट फूलने और गैस बनने की समस्या बढ़ जाती है। यदि खाना खाते ही अक्सर आपका पेट भी गुब्बारे की तरह फूल जाता है, तो अपनी थाली में इन चीजों की मात्रा और पकाने के तरीके पर विशेष ध्यान देने की जरूरत है।