अखिलेश यादव ने पहली बार योगी सरकार की दी ऐसी धमकी, अफसरों की भी खैर नहीं

img

समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर करारा हमला बोलते हुए कहा है कि सूबे में भाजपा के शासन में रामराज नहीं बल्कि ‘नाथूराम राज’ दिखाई दे रहा है। सपा मुखिया कहा कि जिले में हुई कथित पुलिस मुठभेड़ में मारे गए पुष्पेन्द्र यादव एनकाउंटर मामले में वह सरकार को जगाने की कोशिश कर रहे हैं, पुष्पेंद्र के परिवार के साथ अन्याय हुआ है।

उन्होंने दोहराया कि सरकार का रवैया ठीक नहीं है, पूरा झांसी सच जानता है और यह सरकार दोषियों को बचा रही है। उन्होंने कहा कि पुष्पेंद्र का परिवार न्याय चाहता है, प्रशासन का निष्पक्ष होना जरूरी है। पूर्व सीएम ने एनकाउंटर को फेक करार दिया और कहा कि पुष्पेंद्र की हत्या की गई है। उन्होंने कथित पुलिस मुठभेड़ में मारे गये पुष्पेन्द्र यादव नामक व्यक्ति की मौत की हाई कोर्ट के किसी सेवारत न्यायाधीश से जांच की मांग दोहराते हुए संवाददाता सम्मेलन में कहा कि उत्तर प्रदेश में ‘मॉब लिंचिंग’ के साथ-साथ अब तो ‘पुलिस लिंचिंग’ भी होने लगी है।

पढ़िए- महबूबा का मोदी सरकार पर हमला, बोली- BJP वोट के लिए जवानों की शहादत का कर रही इस्तेमाल

सपा मुखिया ने गुरुवार को यहां प्रेसवार्ता में कहा कि जिस तरह से पुलिस ने वसूली का विरोध करने पर पुष्पेन्द्र की हत्या कर दी, उसे देखते हुए यही लगता है कि भाजपा के शासन में उत्तर प्रदेश में रामराज नहीं बल्कि ‘नाथूराम राज’ है। उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा इस फर्जी मुठभेड़ के लिए स्थानीय प्रशासन जिम्मेदार है। उसने पुष्पेन्द्र के उस सीआईएसएफ के जवान भाई को भी कथित मुठभेड़ का आरोपी बना दिया है जो घटना के वक्त दिल्ली में ड्यूटी पर तैनात थे।

क्या राष्ट्रवादी सरकार जो हर दिन पाकिस्तान को गाली देती है, वह उसको न्याय दिलाएगी। पुष्पेन्द्र की अभी-अभी शादी हुई थी, क्या उसकी पत्नी को न्याय मिलेगा? यह सबसे बड़ा सवाल है। उन्होंने कहा कि अब शासन तथा प्रशासन पर कोई भरोसा नहीं रहा है। इस मामले की जांच उच्च न्यायालय के जज से ही कराए जाने पर न्याय मिल सकता है।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि पीड़ितों की एफआईआर दर्ज नहीं होती है, चिन्मयानंद मामले में पीड़िता को जेल भेज दिया गया। उन्नाव घटना में पीड़िता को न्याय नहीं मिला, उन्नाव की पीड़िता का परिवार तबाह हो गया। सपा सांसद आजम खान का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि एक सांसद पर बकरी चोरी का केस दर्ज हो गया। मऊ जिले में गोलीकांड हुआ, सोनभद्र कांड में कई लोगों की जान गई। पुलिस के टॉर्चर से लोग परेशान हैं।

उन्होंने कहा कि झांसी मामले में सरकार अपनी जिम्मेदारी ले और दोषियों पर कार्रवाई करे। सपा अध्यक्ष ने कहा कि उनकी पार्टी पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है, पुष्पेंद्र के परिवार को न्याय दिलाने के लिए वह पूरे प्रदेश में आंदोलन छेड़ेंगे। उन्होंने बताया कि जल्द ही साइकिल यात्रा शुरू की जाएगी, वह खुद यात्रा को झंडी दिखाने आएंगे।

विदित हो कि गत 5/6 अक्टूबर की देर रात गुरसराय क्षेत्र में पुलिस से हुई कथित मुठभेड़ में गोली लगने से पुष्पेन्द्र यादव नामक व्यक्ति की मौत हो गयी थी। पुलिस के मुताबिक पुष्पेन्द्र बालू खनन के अवैध कारोबार में लिप्त था और मुठभेड़ से पहले उसने मोठ थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र सिंह चैहान पर गोली चलाकर उनकी कार लूट ली थी। बाद में भोर करीब तीन बजे पुलिस के साथ हुई मुठभेड़ में वह मारा गया था। इस बीच, पुष्पेन्द्र के परिजन का आरोप है कि थानाध्यक्ष चैहान बालू खनन मामले में उससे डेढ़ लाख रुपये रिश्वत मांग रहे थे, जिसे न दे पाने की वजह से उनकी हत्या कर दी गयी और उसे मुठभेड़ का नाम दे दिया गया। सपा अध्यक्ष अखिलेश ने बुधवार को पुष्पेन्द्र के परिजन से मुलाकात करके उन्हें न्याय का आश्वासन दिया था।

Related News