3 दशक पुरानी दोस्ती की अनोखी दास्तान! एक शौक जिसने बाहुबली अनंत सिंह और सपा नेता को बना दिया जिगरी यार

3 दशक पुरानी दोस्ती की अनोखी दास्तान! एक शौक जिसने बाहुबली अनंत सिंह और सपा नेता को बना दिया जिगरी यार

बिहार की सियासत में 'छोटे सरकार' के नाम से चर्चित मोकामा के पूर्व विधायक अनंत सिंह एक बार फिर अपने खास अंदाज को लेकर सुर्खियों में हैं। अपने जिगरी दोस्त सलमान अहमद उर्फ पप्पू सलमान के बेटे एहराज के 'दावत-ए-वलीमा' में शामिल होने के लिए अनंत सिंह पटना से 400 किलोमीटर का सफर तय कर कारों के भारी काफिले के साथ प्रयागराज पहुंचे। रास्ते भर चंदौली, वाराणसी और औराई में समर्थकों ने उनका जोरदार स्वागत किया। कई लोगों के जेहन में यह सवाल उठ रहा है कि बिहार के कद्दावर बाहुबली नेता का यूपी के प्रयागराज के एक किसान और सपा नेता से क्या कनेक्शन है, जिसके लिए वह खुद पटना से सड़क मार्ग के जरिए दौड़े चले आए।

अनंत सिंह और पप्पू सलमान के बीच का यह याराना करीब तीन दशक यानी 30 साल पुराना है। सलमान अहमद समाजवादी पार्टी के गठन के समय से ही पार्टी से जुड़े हैं और वर्तमान में सपा के प्रयागराज गंगापार जिला उपाध्यक्ष हैं। वह इलाके में 'पप्पू मलावां' के नाम से भी जाने जाते हैं। राजनीतिक हलकों में पप्पू सलमान को 90 के दशक के चर्चित सपा विधायक जवाहर यादव उर्फ जवाहर पंडित का करीबी माना जाता रहा है, जिनकी हत्या में करवरिया बंधुओं को सजा हुई थी। हालांकि, अनंत सिंह और पप्पू सलमान के रिश्ते की बुनियाद सियासत नहीं, बल्कि दोनों का एक साझा और अनूठा शौक है।

दरअसल, दोनों की इस गहरी दोस्ती का सबसे बड़ा जरिया बना घोड़ों का शौक। अनंत सिंह के घोड़ों के प्रेम से हर कोई वाकिफ है, लेकिन कम ही लोग जानते हैं कि प्रयागराज के पप्पू सलमान भी उम्दा नस्ल के घोड़े पालने और घुड़दौड़ के बेहद शौकीन हैं। तीन दशक पहले आरा के रहने वाले जय कुमार सिंह ने दोनों की पहली मुलाकात कराई थी। उस समय पप्पू सलमान की शादी भी नहीं हुई थी। दोनों के बीच घोड़ों को लेकर शुरू हुई बातचीत धीरे-धीरे पारिवारिक रिश्ते में बदल गई। वर्तमान में पप्पू सलमान के पास करीब चार बेशकीमती घोड़े हैं, जिनमें सबसे महंगे घोड़े की कीमत 20 लाख रुपये से अधिक आंकी गई है। वहीं अनंत सिंह के अस्तबल में 8 से 9 घोड़े हैं, जिनमें उनका पसंदीदा घोड़ा 'लाडला' उत्तर प्रदेश और बिहार की कई प्रतिष्ठित रेस जीत चुका है।

पप्पू सलमान के बेटे के निकाह का कार्यक्रम बहराइच में संपन्न हुआ था और प्रयागराज में रिसेप्शन की दावत रखी गई। अनंत सिंह ने इस मौके पर दोस्त के घर पहुंचकर खुशियां साझा कीं। रास्ते में काफिले का जगह-जगह स्वागत होने और वाराणसी में बीएचयू गेट पर पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण करने के कार्यक्रम के चलते उन्हें प्रयागराज पहुंचने में थोड़ा विलंब हुआ। इस पारिवारिक यात्रा के दौरान अनंत सिंह ने अपने दोस्त पप्पू सलमान को अपनी छोटी बेटी शिवांगी सिंह की 25 नवंबर को होने वाली शादी का औपचारिक न्योता भी सौंपा। दोनों परिवारों का यह मेलजोल आज भी उसी पुराने अंदाज में कायम है।