अगले 5 दिन भारी! समुद्र में उठा चक्रवात, 6 से 10 नवंबर तक इन 5 राज्यों में मूसलाधार बारिश का महा-अलर्ट
देशभर से मानसून की विदाई हुए लंबा वक्त बीत चुका है, लेकिन चक्रवाती हलचलों के कारण कई राज्यों में मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ गया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दक्षिण भारत के कई तटीय और प्रायद्वीपीय इलाकों में अगले पांच दिनों तक मूसलाधार बारिश का अलर्ट जारी किया है। 6 से 10 नवंबर के दौरान तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में भारी बारिश का दौर जारी रहेगा। इसके साथ ही 6 नवंबर को तटीय आंध्र प्रदेश और यनम के कई इलाकों में तेज बारिश और आंधी-तूफान की आशंका जताई गई है, जिससे निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बन सकती है।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण प्रायद्वीपीय भारत में मौसमी दबाव के कारण 6 से 10 नवंबर के बीच तमिलनाडु और पुडुचेरी में गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली गिरने और 40 से 50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज सतही हवाएं चलने का पूर्वानुमान है। वहीं 6 से 8 नवंबर के दौरान केरल, माहे और लक्षद्वीप में तूफानी गतिविधियों के साथ बारिश होगी। तटीय आंध्र प्रदेश और यनम में 6 से 9 नवंबर के बीच तेज हवाओं का प्रकोप देखने को मिलेगा। 6 नवंबर को तेलंगाना, तटीय कर्नाटक और दक्षिण आंतरिक कर्नाटक के हिस्सों में बिजली गिरने की चेतावनी है, जबकि 9 और 10 नवंबर को केरल और माहे में दोबारा तेज आंधी-तूफान का असर देखा जा सकता है।
इन राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी
दक्षिण के साथ-साथ उत्तर भारत के पर्वतीय और मैदानी इलाकों में भी एक नए पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) के प्रभाव से ठंड के साथ बारिश की एंट्री होने जा रही है। 10 नवंबर को जम्मू-कश्मीर और लद्दाख में छिटपुट बारिश के बाद 12 नवंबर को दोनों क्षेत्रों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। पहाड़ी राज्यों में 10 से 12 नवंबर के दौरान हिमाचल प्रदेश और 8 से 9 नवंबर को उत्तराखंड में बूंदाबांदी की संभावना है। 11 और 12 नवंबर को जम्मू-कश्मीर में तेज हवाओं व बिजली गिरने का अनुमान है, जबकि 12 नवंबर को हिमाचल में थंडरस्टॉर्म का असर रहेगा। मैदानी राज्यों की बात करें तो 11 और 12 नवंबर के दौरान पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में हल्की से मध्यम छिटपुट बारिश होने से तापमान में गिरावट आएगी और ठंड बढ़ जाएगी।
पूर्वी और पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भी बादलों का डेरा रहेगा। 9 से 11 नवंबर के दौरान झारखंड, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में बारिश के आसार हैं। 9 से 12 नवंबर तक पश्चिम बंगाल के मैदानी इलाकों और 10 नवंबर को बिहार में छिटपुट बरसात देखने को मिल सकती है। अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में 8 से 12 नवंबर तक व्यापक बारिश और 9 से 11 नवंबर के बीच मूसलाधार बारिश का अनुमान है। ओडिशा में 6-7 और 10-11 नवंबर को बारिश के साथ बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। पूर्वोत्तर में 9 से 11 नवंबर के बीच अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नगालैंड, मणिपुर और त्रिपुरा के कुछ हिस्सों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है, जबकि पश्चिम और मध्य भारत में मौसम शुष्क बना रहेगा।