'ई रसगुल्ला वाला इलेक्शन नहीं है...': बिहार MLC चुनाव में अनंत सिंह का गजब बयान, नीतीश कुमार को बताया 'गुरु जी'
बिहार विधान परिषद की शिक्षक और स्नातक निर्वाचन क्षेत्रों की 8 सीटों के लिए जारी मतदान के बीच मोकामा से चर्चित विधायक अनंत कुमार सिंह एक बार फिर अपने बेबाक और ठेठ अंदाज को लेकर सुर्खियों में आ गए हैं। चुनाव और समर्थकों के लिए बड़ी मात्रा में मिठाई बनवाने के अपने पुराने शौक के लिए जाने जाने वाले अनंत सिंह से जब पत्रकारों ने पूछा कि क्या इस बार भी चुनावी माहौल में रसगुल्ला बनवाया गया है, तो उन्होंने तुरंत चुटकी लेते हुए जवाब दिया—"ई रसगुल्ला वाला इलेक्शन नहीं है।"
अनंत सिंह ने इसके पीछे का व्यावहारिक कारण समझाते हुए कहा कि यह कोई सामान्य विधानसभा चुनाव नहीं है, बल्कि इसका दायरा बेहद बड़ा है। उन्होंने कहा कि यह निर्वाचन क्षेत्र तीन जिलों में बहुत दूर तक फैला हुआ है और इतनी लंबी दूरी पर रसगुल्ला भेजने में गाड़ियों का किराया ही बहुत ज्यादा लग जाएगा। उन्होंने पुराने दिनों को याद करते हुए कहा कि पहले जब छोटा इलाका होता था तो क्षेत्र के 600 लोग घर आ जाते थे, लेकिन अब तीन-तीन जिलों तक रसगुल्ला पहुंचाना आसान नहीं है, वहां तो गाड़ी भाड़ा ही बहुत भारी पड़ जाएगा।
बातचीत के दौरान जब संवाददाताओं ने जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार के घर मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के जाने को लेकर सवाल दागा, तो अनंत सिंह ने बेहद सधे हुए लेकिन सियासी मायने वाले अंदाज में जवाब दिया। उन्होंने साफ कहा कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को जहां ले जाया जाता है, वे वहीं चले जाते हैं। अनंत सिंह ने मुख्यमंत्री के प्रति सम्मान जताते हुए कहा कि नीतीश कुमार हमारे गुरु जी हैं, जो जहां ले जाता है वो वहां जाते हैं। इसके साथ ही उन्होंने जेडीयू उम्मीदवार के खिलाफ अपनी बगावत के रुख को बरकरार रखते हुए दो टूक शब्दों में कहा कि लोकतंत्र में जनता ही असली मालिक है और इस चुनाव में हमारे समर्थित प्रत्याशी की ही जीत तय है।