फोन पर बात करते-करते सिपाही ने सर्विस रिवॉल्वर से खुद को मारी गोली, थाना बैरक में हड़कंप
बिहार के किशनगंज जिले में रविवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई, जहां सदर थाना परिसर स्थित पुलिस बैरक में डायल 112 (ERV) में तैनात 32 वर्षीय कॉन्स्टेबल समीर कुमार ने कथित तौर पर अपनी ही सर्विस रिवॉल्वर से सिर में गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना सुबह करीब 8:00 से 8:15 बजे के बीच की बताई जा रही है। गोली की आवाज सुनते ही बैरक में मौजूद जवानों और पुलिस अधिकारियों में हड़कंप मच गया। आनन-फानन में सदर थानाध्यक्ष मुकेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और खून से लथपथ जवान को तुरंत सदर अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक जवान मूल रूप से भागलपुर जिले के रहने वाले थे और किशनगंज में आपातकालीन सेवा डायल 112 पर सेवाएं दे रहे थे।
पुलिस महकमे में पसरा सन्नाटा
घटना की जानकारी मिलते ही किशनगंज पुलिस अधीक्षक (एसपी) संतोष कुमार और एसडीपीओ-1 खुसरू सिराज सीधे सदर अस्पताल पहुंचे और पूरे प्रकरण की जानकारी ली। थाना परिसर के भीतर हुई इस अप्रत्याशित घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में गहरा शोक और सन्नाटा पसर गया है। एसपी संतोष कुमार ने बताया कि प्रारंभिक जांच में यह बात सामने आई है कि घटना के वक्त जवान फोन पर किसी से बातचीत कर रहा था और उसी दौरान उसने अपनी सर्विस पिस्टल से खुद के सिर में गोली दाग दी। पुलिस इसे प्रथम दृष्टया आत्महत्या का मामला मानकर चल रही है।
प्रकरण की गंभीरता को देखते हुए घटनास्थल पर फॉरेंसिक साइंस लैबोरेट्री (FSL) की टीम को बुलाया गया है, जिसने साक्ष्य जुटाए हैं। जवान के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली जा रही है ताकि यह साफ हो सके कि वह आखिरी वक्त में किससे बात कर रहा था और किस मानसिक तनाव या पारिवारिक परिस्थिति के चलते उसने यह खौफनाक कदम उठाया। इस दुखद घटना की सूचना भागलपुर स्थित जवान के परिजनों को दे दी गई है और पुलिस सभी पहलुओं पर गहन वैज्ञानिक जांच कर रही है।