प्रेम प्रसंग से खफा पिता ने काट दिया बेटी का गला: बोरी में भरकर नदी में फेंकी लाश, छोटी बहन ने खोला खौफनाक राज

प्रेम प्रसंग से खफा पिता ने काट दिया बेटी का गला: बोरी में भरकर नदी में फेंकी लाश, छोटी बहन ने खोला खौफनाक राज

बिहार के मधेपुरा जिले से झूठी शान की खातिर रोंगटे खड़े कर देने वाला ऑनर किलिंग का मामला सामने आया है। शंकरपुर थाना क्षेत्र के गोरराहा गांव में एक पिता ने अपनी ही नाबालिग बेटी की दबिया से गला काटकर बेरहमी से हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद शव को जूट की बोरी में भरकर घर से करीब 15 किलोमीटर दूर नदी में फेंक दिया गया। वारदात के 6 दिन बाद पुलिस ने बुधवार शाम 4 बजे सिंहेश्वर थाना क्षेत्र के मजरहट नदी से बोरी में बंद शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है।

अफेयर की चर्चा से था खफा, सोती हुई बेटी पर चला दिया हथियार

पुलिस की गिरफ्त में आए आरोपी पिता दिनेश कुमार ने अपना जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसकी बेटी गांव के ही एक लड़के से छिपकर फोन पर बातें करती थी। धीरे-धीरे पूरे गांव में दोनों के प्रेम-प्रसंग की चर्चा फैलने लगी, जिससे वह समाज में अपनी इज्जत और प्रतिष्ठा को लेकर बेहद परेशान रहने लगा था। इसी गुस्से में आकर उसने 7 अक्टूबर की रात खौफनाक कदम उठाया। जब नाबालिग गहरी नींद में सो रही थी, तभी पिता ने धारदार दबिया से उसका गला रेत दिया। हत्या के बाद सबूत मिटाने के इरादे से उसने खून से सने गद्दे, चादर और अपने पहने हुए कपड़े तक जला दिए। इसके बाद लाश को जूट की बोरी में पैक कर बाइक से ले जाकर बेहरारी के समीप नदी में बहा दिया।

छोटी बेटी ने देखा कत्ल का मंजर, दहशत में नानी के घर भेजा

इस वीभत्स वारदात के वक्त घर में मौजूद छोटी बेटी जाग गई थी और उसने अपनी आंखों से पिता को बड़ी बहन का कत्ल करते देख लिया। राज फाश न हो, इसलिए आरोपी ने मासूम बच्ची को धमकाकर डराया और फौरन नानी के घर भेज दिया। हालांकि, बच्ची ने हिम्मत जुटाकर अपनी मां को पूरी बात बताई, जिसके बाद सदमे में मां की तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।