दिल दहला देने वाली वारदात: मायके आई नवविवाहिता को पूर्व प्रेमी ने चाकुओं से गोदा, मौके पर ही तोड़ा दम
बिहार के मधुबनी जिले के झंझारपुर अनुमंडल अंतर्गत भैरवस्थान थाना क्षेत्र के लोहना दक्षिण पंचायत स्थित सर्वसीमा गांव में रविवार की रात एक खौफनाक वारदात से सनसनी फैल गई। गांव के वार्ड नंबर 12 में 22 वर्षीय नवविवाहिता काजल कुमारी की चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर नृशंस हत्या कर दी गई। वारदात को अंजाम देने का सीधा आरोप गांव के ही उसके पूर्व प्रेमी विपुल चौधरी उर्फ जतिन पर लगा है।
प्राप्त विवरण के मुताबिक काजल महज दो दिन पहले अपनी मां सुनीता देवी से मिलने ससुराल से मायके आई थी। बताया जाता है कि आरोपी विपुल ने पहले काजल की मां के साथ गाली-गलौज और मारपीट की थी, जिसकी जानकारी मिलने पर काजल अपनी मां को लेकर स्थानीय थाने में शिकायत दर्ज कराने पहुंची थी।
थाने से शिकायत दर्ज कराकर घर लौटने के कुछ ही देर बाद विपुल अपने एक अज्ञात सहयोगी के साथ काजल की तलाश में पड़ोस के घर में घुस गया, जहां चापाकल (हैंडपंप) के समीप उसने काजल पर चाकू से कई जानलेवा प्रहार कर दिए। इस दौरान काजल की चीख-पुकार सुनकर उसे बचाने दौड़ी एक स्थानीय महिला भी चाकू लगने से जख्मी हो गई, वहीं अत्यधिक रक्तस्राव के कारण काजल ने वहीं दम तोड़ दिया।
घटना के पीछे पुराने प्रेम प्रसंग और बाइक की किस्त को लेकर हुए आर्थिक विवाद की बात सामने आ रही है। स्थानीय लोगों के अनुसार काजल का पूर्व में विपुल के साथ संपर्क था, मगर बाद में उसने दरभंगा जिले के उजान सोनपुर निवासी शिवम राय उर्फ बाला के साथ प्रेम विवाह रचा लिया था। ग्रामीणों में इस बात की भी चर्चा है कि बाइक की किस्त के दस हजार रुपयों के लेनदेन को लेकर दोनों पक्षों के बीच निरंतर तनाव चल रहा था, हालांकि पुलिस की ओर से आधिकारिक तौर पर इस पहलू की पुष्टि होना अभी बाकी है।
सन् 2002 में पिता के निधन के बाद मां सुनीता देवी ही काजल और परिवार का लालन-पालन कर रही थीं। सोमवार को पोस्टमार्टम के बाद जब युवती का शव गांव पहुंचा तो परिजनों और ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा और आक्रोशित लोगों ने आरोपी के दरवाजे पर शव रखकर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए जमकर विरोध जताया। मौके पर पहुंचे भैरवस्थान थानाध्यक्ष सत्येंद्र तिवारी ने भारी पुलिस बल के साथ स्थिति को संभाला और बताया कि फॉरेंसिक (एफएसएल) टीम ने घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटा लिए हैं, वहीं फरार मुख्य आरोपी विपुल और उसके साथी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर निरंतर छापेमारी की जा रही है।