दशहरा की रात उजड़ गए 4 हंसते-खेलते परिवार! पेड़ से टकराकर कार के उड़े परखच्चे, चीखों से दहला इलाका!

दशहरा की रात उजड़ गए 4 हंसते-खेलते परिवार! पेड़ से टकराकर कार के उड़े परखच्चे, चीखों से दहला इलाका!

उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जनपद में दशहरा की रात एक अत्यंत भयानक सड़क हादसे ने चार परिवारों के त्योहार की खुशियों को मातम में तब्दील कर दिया। कसया-देवरिया मार्ग पर स्थित रामाभार पुल से करीब 400 मीटर आगे सिसवा गांव के समीप आधी रात के वक्त तेज रफ्तार कार अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक विशाल पेड़ से जा टकराई।

टक्कर इतनी भयानक थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और अंदर बैठे सभी सातों लोग बुरी तरह फंस गए। चीख-पुकार सुनकर दौड़े स्थानीय लोगों और पुलिस टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद घायलों को बाहर निकाला। हादसे में नितेश और प्रदीप की मौके पर ही सांसें थम गईं, जबकि गंभीर रूप से घायल संजीव उर्फ गोलू और अंकुर ने जिला अस्पताल में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

कार में सवार सभी सात लोग पड़ोसी देवरिया जिले के निवासी बताए जा रहे हैं, जो कसया कस्बे में विजयादशमी का भव्य मेला घूमने आए थे। देर रात मेला देखकर गांव लौटते समय ओवरस्पीडिंग के कारण चालक ने वाहन पर से नियंत्रण खो दिया और यह भीषण हादसा हो गया। दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल तीन अन्य युवकों को कुशीनगर मेडिकल कॉलेज में प्राथमिक उपचार देने के बाद नाजुक हालत देखते हुए तुरंत बीआरडी मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया गया है। क्षेत्राधिकारी (सीओ) डॉ. अजय सिंह ने बताया कि कार की रफ्तार अत्यधिक होने के कारण संतुलन बिगड़ा और वह सीधे पेड़ से टकरा गई। पुलिस ने चारों शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचना देकर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।