अंधविश्वास का खौफनाक खेल: पोते की मौत के शक में बुजुर्ग पुजारी का मर्डर, जीभ काटकर शव पेड़ से लटकाया

अंधविश्वास का खौफनाक खेल: पोते की मौत के शक में बुजुर्ग पुजारी का मर्डर, जीभ काटकर शव पेड़ से लटकाया

बिहार के कटिहार जिले से अंधविश्वास और बदले की खौफनाक वारदात सामने आई है, जिसने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है। आजमनगर थाना क्षेत्र के खरसोता गांव में जादू-टोना के संदेह में एक बुजुर्ग पुजारी की न केवल बर्बरता से हत्या कर दी गई, बल्कि दरिंदगी की सारी हदें पार करते हुए उनकी जीभ काट दी गई और शव को पेड़ से लटका दिया गया। पुलिस ने इस दिल दहला देने वाले मामले की गुत्थी सुलझाते हुए मुख्य साजिशकर्ता अनंतलाल मंडल (65 वर्ष) को गिरफ्तार कर लिया है, जिसने अपने छह माह के पोते की अकाल मृत्यु का जिम्मेदार पुजारी को मानकर इस नृशंस हत्याकांड को अंजाम दिया था।

पुलिस की जांच में यह खौफनाक सच सामने आया कि करीब एक साल पहले आरोपी अनंतलाल मंडल के 6 महीने के पोते की बीमारी या किसी वजह से मौत हो गई थी। इसके बाद से ही आरोपी के दिमाग में यह वहम घर कर गया कि गांव के पुजारी हीरालाल मंडल ने तंत्र-मंत्र और काले जादू के जरिए उसके पोते की जान ली है। इसी अंधविश्वास और बदले की आग में झुलस रहे अनंतलाल ने पुजारी को रास्ते से हटाने का षड्यंत्र रचा। योजना के तहत उसने अपने दो बेटों रिंकू मंडल और शंभू मंडल को भी इस अपराध में शामिल किया और मौका पाकर 2 नवंबर को वारदात को अंजाम दिया।

डीएसपी मंगलेश कुमार के मुताबिक, आरोपियों ने पहले पुजारी का गला घोंटा और फिर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार कर उन्हें मौत के घाट उतार दिया। इसके बाद कथित तांत्रिक अनुष्ठान के बहाने पुजारी की जीभ काट ली गई और शव को पेड़ पर फंदे से लटका दिया गया ताकि इलाके में दहशत फैल सके और मामला तांत्रिक गतिविधियों से जुड़ा प्रतीत हो। सनसनीखेज वारदात की सूचना मिलते ही पुलिस ने विशेष जांच दल गठित किया और साक्ष्यों के आधार पर गांव के ही अनंतलाल को हिरासत में लिया। कड़ाई से पूछताछ करने पर आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर कत्ल में इस्तेमाल चाकू और घटनास्थल से छीनी गई पुजारी की टूटी हुई रुद्राक्ष की माला भी बरामद कर ली है। मुख्य आरोपी को जेल भेज दिया गया है, जबकि फरार दोनों बेटों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है।