सफेद स्कॉर्पियो की डिक्की में छिपे थे 3 संदिग्ध बोरे, खोलते ही पुलिस और SSB के भी उड़े होश

सफेद स्कॉर्पियो की डिक्की में छिपे थे 3 संदिग्ध बोरे, खोलते ही पुलिस और SSB के भी उड़े होश

सीमावर्ती जिले अररिया में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ पुलिस और सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) को बड़ी सफलता मिली है। बथनाहा थाना क्षेत्र में शुक्रवार को चलाए गए एक संयुक्त ऑपरेशन के दौरान सुरक्षाबलों ने 100 किलोग्राम गांजा जब्त करते हुए पांच तस्करों को रंगे हाथ दबोच लिया। मौके से गांजा ढोने में इस्तेमाल की जा रही एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो, रेकी कर रही एक आई-20 कार और सात मोबाइल फोन भी जब्त किए गए हैं।

फारबिसगंज अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (एसडीपीओ) राजकिशोर कुमार को गुप्त सूचना मिली थी कि भारत-नेपाल सीमा से तस्कर भारी मात्रा में गांजा लेकर बथनाहा बाजार की ओर बढ़ रहे हैं। इस इनपुट के आधार पर बथनाहा थानाध्यक्ष धनजी कुमार और एसएसबी जवानों की टीम ने बथनाहा चौक के समीप कड़ी घेराबंदी की। तस्करों का गिरोह काफी सतर्क था—पीछे आ रही स्कॉर्पियो को रास्ता साफ बताने के लिए काले रंग की कार आगे-आगे रेकी कर रही थी। सुरक्षाबलों ने मुस्तैदी दिखाते हुए पहले आगे चल रही कार को घेरा, जिसमें से तीन लोगों को पकड़ा गया जबकि एक व्यक्ति मौके से फरार होने में सफल रहा। इसके तुरंत बाद पीछे से आ रही स्कॉर्पियो को भी रोक लिया गया, जिसकी डिक्की की तलाशी लेने पर तीन बोरों में छिपाकर रखा गया 1 क्विंटल (100 किलो) गांजा बरामद हुआ।

पकड़े गए आरोपियों की पहचान जोगबनी के रौनी राज पंडित उर्फ रितु राज पंडित (21) व अबुबकर (18), फारबिसगंज के मो. सलमान (21), सुपौल जिले के बलुआ बाजार निवासी अफरोज आलम (27) और नरपतगंज के अबु कलाम (24) के रूप में हुई है। बथनाहा थाने में आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी (कांड संख्या 167/26) दर्ज कर ली गई है। पुलिस अब फरार तस्कर की तलाश के साथ-साथ सीमा पार से जुड़े इस पूरे सिंडिकेट के नेटवर्क को खंगालने में जुटी है। इसी क्रम में एक अन्य कार्रवाई में जोगबनी पुलिस ने भी एक नेपाली नागरिक को 4 किलो गांजा और बाइक के साथ गिरफ्तार कर जेल भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।