एलपीजी सिलेंडर उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत! नहीं होगी 26 अक्टूबर को हड़ताल, घर-घर पहुंचेगी गैस
देशभर में रसोई गैस उपभोक्ताओं के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। एलपीजी डिस्ट्रीब्यूटरों के कमीशन में इजाफे और ऑपरेशनल समस्याओं के समाधान की मांग को लेकर 26 अक्टूबर को राजधानी दिल्ली में प्रस्तावित धरने और अनिश्चितकालीन हड़ताल से वितरकों के दो सबसे बड़े राष्ट्रीय महासंघों ने खुद को पूरी तरह अलग कर लिया है।
फेडरेशन ऑफ एलपीजी डिस्ट्रिब्यूटर्स ऑफ इंडिया (FLDI) और ऑल इंडिया एलपीजी डिस्ट्रिब्यूटर्स फेडरेशन (AILDF) ने दो टूक साफ किया है कि वे हड़ताल या चक्का जाम के रास्ते पर चलने के बजाय पेट्रोलियम विपणन कंपनियों (OMCs) और पेट्रोलियम मंत्रालय के साथ बातचीत के जरिए मसले का समाधान निकालने के पक्षधर हैं। हालांकि, एलपीजी डिस्ट्रिब्यूटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया (LDAI) ने 26 अक्टूबर को दिल्ली में विरोध प्रदर्शन की घोषणा की है, लेकिन प्रमुख संगठनों के इस आंदोलन से दूरी बनाने के कारण आम जनता के लिए घरेलू गैस सिलेंडर की डिलीवरी पूरी तरह सामान्य और निर्बाध जारी रहेगी।
गौरतलब है कि घरेलू एलपीजी सिलेंडरों की बिक्री पर वितरकों को मिलने वाले कमीशन में पिछले पांच वर्षों से कोई संशोधन नहीं हुआ है, जबकि इस दौरान ट्रांसपोर्टेशन, डिलीवरी बॉय का वेतन और रखरखाव खर्च तेजी से बढ़े हैं। ऑल इंडिया एचपी गैस डिस्ट्रिब्यूटर्स एसोसिएशन (AIHPGDA) के अनुसार, डिजिटल सुधारों और रिफिल बिक्री के नए पैटर्न के बीच कार्यशील पूंजी का संकट गहरा गया है।
इस गतिरोध को खत्म करने के लिए 21 अक्टूबर को मुंबई स्थित इंडियन ऑयल मुख्यालय में आईओसीएल, बीपीसीएल और एचपीसीएल के विपणन निदेशकों के साथ वितरक प्रतिनिधियों की उच्चस्तरीय बैठक हुई थी। तेल कंपनियों के शीर्ष प्रबंधन ने आश्वस्त किया है कि कमीशन संशोधन का आधिकारिक प्रस्ताव पहले ही पेट्रोलियम मंत्रालय को भेजा जा चुका है और एक निश्चित समय-सीमा के भीतर अंतरिम राहत देने पर संयुक्त सहमति बन गई है, जिस पर अब मंत्रालय की अंतिम मुहर लगना बाकी है।