कोरोना को लेकर यूपी से आई राहत की खबर, जानें क्या

img

उत्तर प्रदेश॥ प्रदेश में पिछले चौबीस घंटे में 2,067 नए मामले सामने आए हैं। इसी दौरान 2,060 मरीज इलाज के बाद स्वस्थ हुए हैं। जो राहत की खबर है। प्रदेश में कोविड-19 रिकवरी दर 94.07 प्रतिशत है। वहीं मृत्यु दर यानि केस फैटिलिटी रेट (सीएफआर) अब 1.43 प्रतिशत हो गई है।

अपर मुख्य सचिव चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अमित मोहन प्रसाद ने  सोमवार को बताया कि वर्तमान में 23,776 कोरोना के सक्रिय मामले हैं। नवम्बर माह में पॉजिटिविटी दर 1.6 फीसदी चल रही है। उत्तर प्रदेश बड़ा आबादी वाला राज्य होने के बाद भी इसे हमेशा 5.0 प्रतिशत से नीचे रखने में सफल रहा है।

उन्होंने बताया कि कल एक दिन में कुल 1,45,704 सैम्पल की जांच की गयी। कल विभिन्न प्रयोगशालाओं को 56,000 सैम्पल आरटीपीसीआर टेस्ट के लिए भेजे गए। राज्य में अब तक कुल 1,81,31,693 सैम्पल की जांच की गयी है। वहीं कुल 4,97,475 कोविड-19 से ठीक होकर पूर्ण उपचारित हो चुके हैं। मार्च में संक्रमण की शुरुआत से लेकर अब तक 7,582 लोगों की मौत हुई है।

वर्तमान में होम आइसोलेशन में 10,948 लोग हैं। वहीं निजी चिकित्सालयों में 2,405 लोग इलाज करा रहे हैं। इसके अतिरिक्त बाकी मरीज एल-1, एल-2 तथा एल-3 के सरकारी अस्पतालों में भर्ती हैं।

अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य ने बताया कि प्रदेश में सर्विलांस टीम के माध्यम से 1,61,841 क्षेत्रों में 4,61,965 टीम दिवस के माध्यम से 2,92,22,272 घरों के 14,30,08,722 लोगों का सर्वेक्षण किया गया है। कई जनपदों से कम्युनिटी सर्विलांस के अच्छे उदाहरण मिल रहे हैं। इनमें ग्राम निगरानी समिति, मोहल्ला निगरानी समिति और कई जगह एनजीओ ने भी बहुत अच्छा काम किया है। एनजीओ ने इस कार्य के लिए अपने वॉलिंटियर्स लगाएं हैं। खासतौर से जिन घरों में कोई व्यक्ति संक्रमित है और बाकी सदस्य होम आइसोलेशन में हैं। ऐसे में उन्हें आवश्यक चीजें आसानी से उपलब्ध कराने के लिए कई स्वयंसेवी संगठनों ने अच्छी भूमिका निभाई है।

अपर मुख्य सचिव, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य ने कहा कि राज्य में बुजुर्गों के बीच संक्रमण में निरन्तर वृद्धि देखने को मिल रही है। 60 से अधिक आयु वाले वृ​द्धों में संक्रमण 10.13 प्रतिशत पहुंच गया है। दो-तीन महीने पहले 8.0 प्रतिशत था। वहीं अगर संक्रमण के बाद मौतों की बात करें तो इसमें 60 से अधिक आयु वाले 45 प्रतिशत लोग थे। इसलिए सभी बुजुर्गों को सुरक्षित रखना बेहद जरूरी है।

Related News