सिद्धार्थ आनंद के 3 रहस्मयी पोस्ट से हिला सोशल मीडिया! 'पठान' के बाद 'किंग' में क्या करने जा रहे हैं शाहरुख खान
बॉलीवुड के 'बादशाह' शाहरुख खान के 61वें जन्मदिन को लेकर दुनियाभर में मौजूद उनके करोड़ों फैंस का उत्साह चरम पर पहुंच चुका है। 2 नवंबर के इस खास मौके को और यादगार बनाने के लिए उनकी बहुप्रतीक्षित मेगा-बजट फिल्म 'किंग' के मेकर्स एक बड़ा धमाका करने की तैयारी में हैं। ताजा रिपोर्ट्स के मुताबिक, 2 नवंबर की आधी रात को फिल्म से जुड़ा एक खास प्रमोशनल वीडियो रिलीज किया जा सकता है। हालांकि यह धमाकेदार टीजर होगा, कोई चार्टबस्टर गाना या फिर फर्स्ट लुक का कोई स्पेशल ग्लिम्स, इसे लेकर प्रोडक्शन टीम ने पूरी तरह सस्पेंस बरकरार रखा है।
इस जबरदस्त चर्चा को हवा दी है फिल्म के निर्देशक सिद्धार्थ आनंद की एक रहस्यमयी सोशल मीडिया पोस्ट ने। सिद्धार्थ आनंद ने आधी रात को अपने एक्स हैंडल पर तीन अलग-अलग संदेश साझा किए, जिन्हें एक साथ पढ़ने पर सामने आया—"दुनिया के जश्न मनाने का वक्त आ गया है।" निर्देशक के इस सांकेतिक ऐलान के बाद से ही सोशल मीडिया पर फैंस यह मानकर चल रहे हैं कि शाहरुख के जन्मदिन के जश्न की शुरुआत 'किंग' के बहुप्रतीक्षित टीजर के साथ ही होगी। हालांकि मेकर्स की तरफ से आधिकारिक पुष्टि का इंतजार बना हुआ है, लेकिन सिनेमा प्रेमियों की धड़कनें तेज हो चुकी हैं।
किंग खान के जन्मदिन के स्वागत के लिए मायानगरी मुंबई में भी भव्य तैयारियां देखने को मिल रही हैं। बांद्रा-वर्ली सी-लिंक को रंग-बिरंगी खास रोशनी से सजाया गया है, जबकि बांद्रा स्थित उनके बंगले 'मन्नत' के बाहर देश-विदेश से पहुंचे हजारों फैंस का हुजूम जुटना शुरू हो गया है। 'पठान' जैसी ऐतिहासिक ब्लॉकबस्टर के बाद शाहरुख खान और सिद्धार्थ आनंद की यह दूसरी बड़ी एक्शन थ्रिलर है। फिल्म में अभिषेक बच्चन बेहद दमदार नेगेटिव रोल यानी मुख्य विलेन के किरदार में नजर आएंगे, वहीं शाहरुख खान की बेटी सुहाना खान पहली बार अपने पिता के साथ बड़े पर्दे पर स्क्रीन स्पेस साझा करने जा रही हैं। यह एक्शन से भरपूर फिल्म 24 दिसंबर 2026 को दुनिया भर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी।