बिश्नोई गैंग के निशाने पर तुषार कपूर, मांगी 5 करोड़ की रंगदारी

बिश्नोई गैंग के निशाने पर तुषार कपूर, मांगी 5 करोड़ की रंगदारी

बॉलीवुड अभिनेता तुषार कपूर को कुख्यात लॉरेंस बिश्नोई गैंग के नाम पर धमकी भरा कॉल मिलने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। कॉल करने वाले अज्ञात शख्स ने खुद को बिश्नोई सिंडिकेट का शूटर हैरी बॉक्सर बताते हुए अभिनेता से 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। अभिनेता की सतर्कता के बाद यह पूरा मामला मुंबई पुलिस के आला अधिकारियों तक पहुंचा, जिसके तुरंत बाद मुंबई क्राइम ब्रांच और एंटी-एक्सटॉर्शन सेल (AEC) को जांच का जिम्मा सौंपा गया।

क्राइम ब्रांच की स्पेशल टेक्निकल टीम ने धमकी भरे फोन कॉल की ऑडियो रिकॉर्डिंग को कब्जे में लेकर गहन फोरेंसिक जांच शुरू की। पुलिस ने अपने डेटाबेस में मौजूद हैरी बॉक्सर के आधिकारिक वॉइस सैंपल से धमकी वाली रिकॉर्डिंग का मिलान कराया। सीनियर पुलिस सूत्रों के अनुसार, ऑडियो स्पेक्ट्रोग्राफिक जांच में दोनों आवाजें मेल नहीं खा पाईं। वॉइस सैंपल मिसमैच होने के बाद जांच एजेंसियों को पुख्ता अंदेशा है कि यह किसी जालसाज का काम है, जिसने अभिनेता में दहशत पैदा कर पैसे ऐंठने के मकसद से बिश्नोई गैंग के नाम का इस्तेमाल किया।

मुंबई पुलिस ने इस पूरे घटनाक्रम में अभी औपचारिक प्राथमिकी (FIR) दर्ज नहीं की है, लेकिन प्राथमिक शिकायत के आधार पर कॉल ट्रेसिंग और डिजिटल सर्विलांस के जरिए ऑडियो भेजने वाले कॉलर की लोकेशन और पहचान खंगाली जा रही है। बताया जा रहा है कि तुषार कपूर ने करीब एक हफ्ते पहले मुंबई पुलिस के पास पहुंचकर इस सुरक्षा खतरे की शिकायत दी थी, जिसके बाद से साइबर सेल और लोकल इंटेलिजेंस यूनिट संदिग्ध नंबर को ट्रैक करने में जुटी है।