img

Up kiran,Digital Desk : बॉलीवुड में अपनी अलग पहचान बनाने वाले अभिनेता संजय मिश्रा आज किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। साधारण दिखने वाले किरदारों में जान डाल देने वाले संजय मिश्रा ने अभिनय की दुनिया में लंबा और संघर्ष भरा सफर तय किया है। उनकी हालिया फिल्म ‘वध 2’ सिनेमाघरों में रिलीज हो चुकी है और इसे दर्शकों के साथ-साथ समीक्षकों से भी अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है।

हालांकि, पर्दे पर आम आदमी का किरदार निभाने वाले संजय मिश्रा की असल जिंदगी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं है। एक समय ऐसा भी था, जब वे फिल्मों से दूर होकर ऋषिकेश में एक ढाबे पर काम करने को मजबूर हो गए थे।

कभी 150 रुपये में ढाबे पर की नौकरी

संजय मिश्रा ने अपने करियर की शुरुआत साल 1995 में फिल्म ‘ओह डार्लिंग! ये है इंडिया’ से की थी। शुरुआती दौर में उन्हें छोटे और सीमित रोल ही मिले। इसी बीच उनके पिता का निधन हो गया, जिससे वे मानसिक रूप से पूरी तरह टूट गए। इस दुख से उबरने के लिए उन्होंने ग्लैमर की दुनिया छोड़ दी और ऋषिकेश चले गए।

वहीं एक ढाबे पर वे काम करने लगे, जहां उन्हें रोजाना सिर्फ 150 रुपये मेहनताना मिलता था। उस दौर में संजय मिश्रा ने फिल्मी दुनिया से पूरी तरह दूरी बना ली थी।

रोहित शेट्टी ने बदली किस्मत

संजय मिश्रा की जिंदगी में टर्निंग पॉइंट तब आया, जब निर्माता-निर्देशक रोहित शेट्टी उन्हें तलाशते हुए ऋषिकेश पहुंचे। रोहित शेट्टी ने उन्हें फिर से फिल्मों में लौटने के लिए प्रेरित किया और साल 2009 में अपनी फिल्म ‘ऑल द बेस्ट’ में कास्ट किया।

इस फिल्म के बाद संजय मिश्रा के करियर को नई उड़ान मिली। उन्होंने एक के बाद एक कई शानदार फिल्में कीं और दर्शकों के दिलों में अपनी खास जगह बना ली।

150 करोड़ रुपये के करीब नेट वर्थ

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, साल 2025 तक संजय मिश्रा की कुल संपत्ति करीब 150 करोड़ रुपये आंकी जाती है। वे मुंबई में एक आलीशान सी-फेसिंग अपार्टमेंट में रहते हैं, जिसे उन्होंने साल 2025 में खरीदा था। इसके अलावा पटना में भी उनका एक शानदार घर है।

लोनावला में ऑर्गेनिक फार्महाउस

संजय मिश्रा ने साल 2024 में महाराष्ट्र के लोनावला स्थित तिस्करी गांव में एक ऑर्गेनिक फार्महाउस भी तैयार करवाया। यह जगह एग्रो-टूरिज्म के रूप में विकसित की गई है, जहां खेती के साथ रहने की सुविधा भी उपलब्ध है। फार्महाउस परिसर में उन्होंने एक शिव मंदिर का निर्माण भी कराया है।

लग्जरी कारों का शौक

संजय मिश्रा को लग्जरी गाड़ियों का भी शौक है। उनके कार कलेक्शन में बीएमडब्ल्यू और टोयोटा फॉर्च्यूनर जैसी महंगी गाड़ियां शामिल हैं।

फिल्मों और विज्ञापनों से होती है कमाई

संजय मिश्रा की आय का मुख्य जरिया फिल्में और विज्ञापन हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, वे एक फिल्म के लिए करीब 70 से 85 लाख रुपये तक की फीस लेते हैं। इसके अलावा वे कई ब्रांड्स के विज्ञापनों में भी नजर आते हैं।

आने वाली फिल्में

‘वध 2’ के बाद संजय मिश्रा जल्द ही कॉमेडी फिल्म ‘धमाल 4’ में नजर आएंगे। इसके अलावा उनकी अपकमिंग फिल्मों में ‘फेरा’ और ‘वेलकम टू बजरंगपुर’ भी शामिल हैं।