दहशत भरी रात, थाने में बेबसी: रांची गैंगरेप केस में 3 दिन तक क्यों नहीं हुई सुनवाई? जानिए पूरा मामला

दहशत भरी रात, थाने में बेबसी: रांची गैंगरेप केस में 3 दिन तक क्यों नहीं हुई सुनवाई? जानिए पूरा मामला

झारखंड की राजधानी रांची के तुपुदाना ओपी क्षेत्र में महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म की गंभीर वारदात सामने आई है। आरोप है कि 19 नवंबर की रात करीब साढ़े आठ बजे जब महिला का पति राशन खरीदने के लिए घर से बाहर गया था, तभी घर में अकेली महिला को तीन लोगों ने निशाना बनाया। तीनों आरोपी घर में दाखिल हुए और महिला को दबोचकर मुंह दबा दिया तथा उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी रात करीब साढ़े दस बजे मौके से भाग निकले। दहशत में आई महिला ने पति के घर लौटने पर पूरी आपबीती सुनाई।

पीड़िता के अनुसार, उसका पति रात लगभग 11 बजे राशन लेकर लौटा था, जिसके बाद उसने घटना की जानकारी दी। पत्नी की बात सुनते ही पति अगले दिन सुबह उसे लेकर तुपुदाना ओपी पहुंचा और शिकायत दर्ज कराने की कोशिश की। दंपती को उम्मीद थी कि पुलिस तुरंत कार्रवाई करेगी, लेकिन आरोप है कि उनकी शिकायत पर फौरन केस दर्ज नहीं किया गया।

पीड़िता और उसके पति का आरोप है कि वे प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए तीन दिनों तक लगातार थाने के चक्कर लगाते रहे, लेकिन उनकी सुनवाई नहीं हुई। आखिरकार जब यह मामला हटिया डीएसपी के संज्ञान में आया, तब उनके हस्तक्षेप के बाद सोमवार 23 नवंबर को तुपुदाना ओपी में प्राथमिकी दर्ज की गई। वारदात 19 नवंबर की रात की है, जबकि केस चार दिन बाद लिखा गया।

गंभीर अपराध में शिकायत के बावजूद तुरंत एफआईआर न होने के आरोपों ने स्थानीय पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं। घटना के अगले दिन शिकायत किए जाने के बावजूद मामला दर्ज करने में देरी क्यों हुई, यह जांच का विषय बना है। इस मामले में तुपुदाना ओपी प्रभारी से पक्ष जानने के लिए संपर्क करने की कोशिश की गई, लेकिन फोन रिसीव नहीं हो सका। फिलहाल प्राथमिकी दर्ज होने के बाद पुलिस जांच में जुटी है और आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी को लेकर आगे की कार्रवाई की जानकारी प्रतीक्षित है।

इसी बीच तुपुदाना ओपी क्षेत्र के एक गांव से रिश्तों को कलंकित करने वाली एक अन्य घटना भी सामने आई है, जहां 58 वर्षीय व्यक्ति पर 16 वर्षीय नाबालिग भतीजी से दुष्कर्म करने का आरोप लगा है। आरोप के मुताबिक दीपावली के समय घर में अकेली पाकर पड़ोस में रहने वाले सगे चाचा ने आठवीं कक्षा में पढ़ने वाली छात्रा के साथ जबरन दुष्कर्म किया और किसी को बताने पर माता-पिता की हत्या कर शव जंगल में फेंकने की धमकी दी। इसी डर के चलते परिवार लंबे समय तक खामोश रहा। परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है, जहां मां मजदूरी करती हैं और बुजुर्ग पिता खेती व मवेशियों की देखभाल कर घर चलाते हैं। रविवार को पीड़िता ने तुपुदाना ओपी पहुंचकर प्राथमिकी दर्ज कराई, जिसके बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पीड़िता का सदर अस्पताल में मेडिकल कराया गया और सोमवार को आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।