68 गेंदें, 19 छक्के और 181 रन! इस भारतीय बल्लेबाज ने रचा इतिहास, वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर मचाया कोहराम
मंगलवार 24 नवंबर की दोपहर भारतीय क्रिकेट के लिए एक यादगार पल लेकर आई, जब युवा बल्लेबाज प्रियांश आर्या ने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से हर किसी को हैरान कर दिया। उनके बल्ले से रनों की बरसात के साथ छक्कों की ऐसी सुनामी आई कि कई पुराने कीर्तिमान ध्वस्त हो गए और उन्होंने टी20 क्रिकेट में एक पारी में सर्वाधिक छक्के जड़ने के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली। अभी तक टी20 की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का विश्व रिकॉर्ड न्यूजीलैंड के खिलाड़ी के नाम था, लेकिन अब इस भारतीय बल्लेबाज ने उस बराबरी के साथ नया अध्याय लिख दिया है।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के तहत तमिलनाडु के खिलाफ खेले गए मुकाबले में दिल्ली की तरफ से खेलते हुए प्रियांश आर्या ने एक के बाद एक कुल 19 छक्के जमाए। किसी भी टी20 इंटरनेशनल या घरेलू टी20 टूर्नामेंट की एक पारी में इससे पहले केवल एक बार ही किसी बल्लेबाज ने इतने छक्के लगाए थे। मेजर लीग क्रिकेट में न्यूजीलैंड के फिन एलेन ने एक पारी में 19 छक्के जड़े थे और अब प्रियांश आर्या ने भी उतने ही छक्के लगा दिए। कुल बाउंड्री के लिहाज से देखें तो प्रियांश आगे निकल गए, क्योंकि उन्होंने 19 छक्कों के साथ 7 चौके भी लगाए, जबकि फिन एलेन ने अपनी उस पारी में 5 चौके जड़े थे।
प्रियांश आर्या ने सिर्फ 68 गेंदों का सामना करते हुए 7 चौकों और 19 छक्कों की मदद से 181 रनों की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 266.17 रहा और उनकी इस पारी के दम पर दिल्ली ने तमिलनाडु के मजबूत गेंदबाजी आक्रमण के सामने 5 विकेट खोकर 275 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया। वह टी20 मैच की एक पारी में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले पहले भारतीय बल्लेबाज भी बन गए हैं। इससे पहले भारत के लिए यह रिकॉर्ड पुनीत बिष्ट के नाम था, जिन्होंने साल 2021 में मेघालय की ओर से खेलते हुए मिजोरम के खिलाफ 17 छक्के लगाए थे।
समग्र टी20 क्रिकेट के आंकड़ों की बात करें तो प्रियांश आर्या और फिन एलेन के बाद वेस्टइंडीज के दिग्गज क्रिस गेल का नाम आता है, जिन्होंने एक टी20 पारी में 18 छक्के जमाए थे। एस्टोनिया के लिए खेलते हुए साहिल चौहान भी एक पारी में 18 छक्के लगाने का कारनामा कर चुके हैं। इस सूची में एक बार फिर क्रिस गेल का नाम आता है, जिन्होंने एक टी20 मैच में 17 छक्के भी जड़े थे। वह दुनिया के इकलौते ऐसे बल्लेबाज हैं जिन्होंने एक टी20 पारी में दो बार 17 या उससे अधिक छक्के लगाने की उपलब्धि हासिल की है। एक टी20 मैच में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वालों में प्रियांश आर्या (19) और फिन एलेन (19) संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं, जिसके बाद क्रिस गेल (18), साहिल चौहान (18) और फिर क्रिस गेल (17) का स्थान आता है।