आधी आबादी के हाथ सत्ता की चाबी! धामी सरकार की 'बैणी-भुली योजना' से बदलेगा उत्तराखंड का सियासी गणित?
उत्तराखंड की सियासत में आधी आबादी की ताकत को देखते हुए पुष्कर सिंह धामी सरकार ने बड़ा राजनीतिक दांव खेला है। प्रदेश की मातृशक्ति के आर्थिक व सामाजिक सशक्तीकरण के लिए शुरू की गई 'बैणी-भुली योजना' को आगामी चुनावी समीकरणों के लिहाज से गेमचेंजर माना जा रहा है। राज्य आंदोलन से लेकर सरकार बनाने तक महिलाओं की निर्णायक भूमिका रही है। पिछले तीन विधानसभा चुनावों के आंकड़े साफ बताते हैं कि महिला मतदाताओं का वोटिंग प्रतिशत पुरुषों की तुलना में चार से सात फीसदी तक अधिक रहा है, यानी साफ है कि जिस दल को महिला मतदाताओं का साथ मिला, सत्ता की चाबी उसी के हाथ आई।
निर्वाचन विभाग के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश के कुल 72.78 लाख मतदाताओं में महिला वोटरों की तादाद 34.84 लाख से अधिक है। जनवरी 2027 में आने वाली अंतिम मतदाता सूची में यह आंकड़ा और बढ़ने की उम्मीद है। इसी असरदार वोटबैंक को ध्यान में रखकर भाजपा के साथ कांग्रेस भी अपनी जमीन मजबूत करने में जुटी है। जहां सरकार 5.20 लाख महिलाओं के लिए बैणी-भुली योजना लाई है, वहीं युवा पीढ़ी (जेन-जी) को जोड़ने के लिए फ्री टैबलेट योजना का दायरा भी बढ़ाया गया है। वर्ष 2022 में करीब 2.50 लाख युवाओं को डीबीटी के जरिए 12-12 हजार रुपये दिए गए थे। अब 10वीं, 12वीं के मेधावियों के साथ सरकारी डिग्री कॉलेजों व विश्वविद्यालयों के लगभग सवा दो लाख छात्र-छात्राओं को टैबलेट दिए जाएंगे।
पिछले चार विधानसभा चुनावों के नतीजे महिला मतदाताओं के बढ़ते प्रभाव की गवाही देते हैं। वर्ष 2007 में 58.95 प्रतिशत पुरुषों के मुकाबले 59.45 प्रतिशत महिलाओं ने मतदान किया और भाजपा सत्ता में आई। 2012 के चुनाव में पुरुषों का मतदान 64.41 प्रतिशत रहा, जबकि महिलाओं ने 68.12 प्रतिशत वोट डालकर कांग्रेस-पीडीएफ गठबंधन की सरकार बनवाई। 2017 में महिलाओं की भागीदारी 68.72 प्रतिशत रही, जो पुरुषों के 61.11 प्रतिशत से काफी आगे थी और भाजपा ने प्रचंड बहुमत हासिल किया। वहीं 2022 के चुनाव में 67.16 प्रतिशत महिला वोटिंग के दम पर भाजपा दोबारा सरकार बनाने में कामयाब रही, जबकि पुरुषों का वोट प्रतिशत केवल 61.27 रहा।
इस बीच सरकारी महकमों में काम कर रहीं महिला कर्मचारियों के मानदेय में बढ़ोतरी पर 27 नवंबर को होने वाली कैबिनेट बैठक में मुहर लग सकती है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की अध्यक्षता में सुबह 9:30 बजे प्रस्तावित इस बैठक में महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास, स्वास्थ्य और शिक्षा विभाग अपने महत्वपूर्ण प्रस्ताव पेश करेंगे। गोपन विभाग के सूत्रों के अनुसार, बैठक में विभिन्न सेवा नियमावलियों में संशोधन के साथ कई नीतिगत फैसलों पर अंतिम निर्णय लिया जाएगा।