अब झूला पुल से पैदल नहीं, कार से ससुराल जाएंगी नेपाल की बहुएं! भारत-नेपाल सीमा पर बड़ी सौगात
भारत और नेपाल के बीच सदियों से चले आ रहे रोटी-बेटी के रिश्तों को अब तेज रफ्तार और सुगम आवागमन की नई सौगात मिल गई है। काली नदी पर तैयार छारछुम मोटर पुल का संचालन सोमवार से शुरू होने के साथ ही सीमावर्ती इलाकों के लोगों में नई उम्मीद जागी है। इस पुल के चालू होने से न केवल दोनों देशों के बीच व्यापार और संपर्क मजबूत होगा, बल्कि रोजमर्रा के पारिवारिक और सामाजिक मेल-मिलाप में आने वाली बाधाएं भी दूर होंगी। करीब 33 करोड़ रुपये की लागत से बने इस पुल से सीमांत क्षेत्र में आर्थिक अवसरों के नए रास्ते खुलने के साथ-साथ शादी-ब्याह और आवाजाही की वर्षों पुरानी दिक्कतें भी कम होंगी।
काली नदी पर निर्मित 110 मीटर लंबे इस मोटर पुल पर सोमवार को वाहनों की आवाजाही शुरू होते ही दोनों देशों के नागरिकों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच उत्साह देखने को मिला। इस अवसर पर आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने सीमांत क्षेत्र के माहौल को उत्सवमय बना दिया।
भारत और नेपाल के सीमावर्ती क्षेत्रों में पारिवारिक और वैवाहिक रिश्ते लंबे समय से कायम हैं। अब तक नेपाल से ब्याह कर आने वाली बहुओं को ससुराल जाने के लिए झूला पुल से पैदल गुजरना पड़ता था और दूल्हे को भी दुल्हन के घर तक पैदल ही जाना होता था। मोटर पुल शुरू होने से यह तस्वीर बदल रही है, क्योंकि अब दूल्हा और दुल्हन सीधे गाड़ियों से एक-दूसरे के घर पहुंच सकेंगे।
धारचूला और नेपाल के दार्चुला क्षेत्र के लोगों को एक पार से दूसरे पार आने-जाने के लिए अब तक काली नदी पर बने पुराने और संकरे झूला पुलों का सहारा लेना पड़ता था। संकरे रास्तों से गुजरना आम दिनों में भी कठिन था, लेकिन शादी-ब्याह, तीज-त्योहारों और सामान ढोने के दौरान लोगों को खासी परेशानी उठानी पड़ती थी। बुजुर्गों, बीमारों और बच्चों को पैदल सफर करने में सबसे अधिक दिक्कत होती थी। छारछुम मोटर पुल पर वाहनों की आवाजाही शुरू होने से लोग अब सीधे गाड़ियों से आ-जा सकेंगे और इससे दोनों देशों की साझा संस्कृति व आपसी जुड़ाव को मजबूती मिलेगी।
इस मौके पर डीएम भटगांई ने कहा कि छारछुम मोटर पुल सीमावर्ती क्षेत्र के विकास की दिशा में अहम उपलब्धि है, जिससे सीमावर्ती गांवों के लोगों के लिए आवागमन सुगम होगा और सामाजिक, सांस्कृतिक व आर्थिक रिश्ते और प्रगाढ़ होंगे। वहीं नेपाल के दार्चुला के मुख्य जिलाधिकारी वर्तराज पौडेल ने कहा कि पुल के संचालन से सीमांत क्षेत्र के लोगों को आर्थिक और सामाजिक फायदा मिलेगा, समय की बचत होगी और स्थानीय अर्थव्यवस्था को गति मिलेगी। पुल चालू होने से दोनों देशों के सीमावर्ती गांवों के बीच व्यापारिक गतिविधियों और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद जताई गई है।
नए पुल के शुरू होने से भारी सामान की ढुलाई आसान होगी और माल परिवहन की लागत घटेगी, जिससे सीमा व्यापार के समीकरण बदलने की उम्मीद है। शादी-ब्याह में दूल्हा-दुल्हन के सीधे वाहनों से आने-जाने की सुविधा मिलने के साथ ही सीमावर्ती क्षेत्र में राशन, भारी सामान और निर्माण सामग्री पहुंचाना भी आसान होगा। सीमित संसाधनों और कठिन रास्तों के चलते अब तक माल ढुलाई महंगी और समय लेने वाली थी, लेकिन वाहनों की सीधी आवाजाही शुरू होने से सप्लाई तेज व सरल होगी, जिससे व्यापारियों और आम उपभोक्ताओं दोनों को फायदा पहुंचेगा।