रिम्स जमीन घोटाले में ACB का बड़ा एक्शन: रिमांड पर लिए गए अधिकारियों ने उगले कई राज, अब जूनियर कर्मियों पर कसेगा शिकंजा
रिम्स (RIMS) के लिए अधिग्रहित जमीन की अवैध खरीद-बिक्री से जुड़े मामले में भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) की जांच का दायरा अब और फैलता दिख रहा है। इस प्रकरण में गिरफ्तार सातों आरोपियों से एसीबी ने सोमवार को दिनभर गहन पूछताछ की। पांच दिनों की रिमांड पर लिए गए इन आरोपियों से भूमि दस्तावेजों में हेराफेरी, पद के दुरुपयोग और अवैध सौदों में उनकी संलिप्तता को लेकर सवाल किए जा रहे हैं। पूछताछ के दौरान गिरफ्तार अधिकारियों ने अपने अधीनस्थ व जूनियर कर्मियों के नाम भी उजागर किए हैं, जिसके बाद अब जांच की आंच तत्कालीन राजस्व कर्मचारियों और अंचल निरीक्षकों तक पहुंच सकती है। साथ ही एलआरडीसी कार्यालय के कुछ जूनियर अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका भी जांच के दायरे में आ गई है।
एसीबी ने इस मामले में तत्कालीन एलआरडीसी मनोज कुमार रंजन, तत्कालीन जिला अवर निरीक्षक वैभव मणि त्रिपाठी, अविनाश कुमार, राहुल कुमार चौबे, तत्कालीन शहर अंचल के सीओ राजेश कुमार, तत्कालीन बड़गाई अंचल के सीओ शैलेश कुमार और मनोज कुमार को गिरफ्तार कर पांच दिन की रिमांड पर लिया है। रिमांड अवधि के दौरान एसीबी की टीम विभिन्न बिंदुओं पर आरोपियों से सवाल-जवाब कर रही है। जांच एजेंसी यह खंगाल रही है कि अधिग्रहित भूमि की खरीद-बिक्री की प्रक्रिया में किस स्तर पर अनियमितता बरती गई, रिकॉर्ड में बदलाव किसके इशारे पर किया गया और इस पूरे खेल में कौन-कौन अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहे। इसके साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि अवैध लेनदेन से किसे अनुचित लाभ पहुंचाया गया।
पूछताछ में सामने आए जूनियर अधिकारियों व कर्मचारियों के नामों के आधार पर एसीबी तत्कालीन राजस्व कर्मचारियों और अंचल निरीक्षकों की भूमिका की पड़ताल कर सकती है। एजेंसी को संदेह है कि जमीन के कागजात तैयार करने, उनमें फेरबदल करने और फाइलें आगे बढ़ाने में निचले स्तर के कर्मियों का भी हाथ रहा है। एलआरडीसी कार्यालय के कुछ जूनियर अधिकारियों व कर्मचारियों से पूछताछ संभव है और भूमिका पुख्ता होने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई हो सकती है। ऐसे में आने वाले दिनों में कुछ और गिरफ्तारियों की आशंका जताई जा रही है।