चलती ट्रेन से अचानक गायब, फिर जंगल में मिली लाश! प्रशांत किशोर के 'जन सुराज' में मातम, मची सनसनी
प्रशांत किशोर के राजनीतिक अभियान 'जन सुराज' से जुड़ी एक बेहद दुखद और सनसनीखेज खबर सामने आई है। जन सुराज के डिजिटल कम्युनिकेशन मैनेजर देवपालिक गुप्ता का शव झारखंड में मुरी जंक्शन के पास जरवाडीह गांव के जंगली इलाके में रेलवे ट्रैक (पोल नंबर 379/18) से बरामद हुआ है।
मूल रूप से उत्तर प्रदेश के कुशीनगर के रहने वाले और IIMC दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई कर चुके देवपालिक रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस से रहस्यमय तरीके से लापता हो गए थे। उनके दोस्त और सहकर्मी गौतम कुमार के अनुसार, दोनों रांची रेलवे स्टेशन से दोपहर करीब 2:25 बजे ट्रेन में सवार हुए थे।
सफर शुरू होने के महज 10 मिनट बाद देवपालिक पैंट्री कार से कुछ खाने का सामान लेने की बात कहकर अपनी सीट से गए, लेकिन उसके बाद वह कभी नहीं लौटे। सहकर्मी द्वारा पूरी ट्रेन के कोच और पैंट्री कार में तलाशने के बावजूद जब वह नहीं मिले, तो मुरी जंक्शन पहुंचने पर जीआरपी (GRP) में उनकी गुमशुदगी की आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई गई।
अंगारा पुलिस स्टेशन के प्रभारी गौतम कुमार राजवार और जन सुराज के राष्ट्रीय प्रवक्ता कुमार सौरव सिंह ने जंगल में शव मिलने की पुष्टि कर दी है। फिलहाल पुलिस इस हाई-प्रोफाइल मामले की गहन जांच में जुट गई है कि आखिर चलती ट्रेन से अचानक गायब होने के बाद देवपालिक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, क्योंकि अब तक मौत के कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने नहीं आ सकी है।