रूममेट को चालाकी से भेजा बाहर, फिर आधी रात शुरू हुआ 'गंदा खेल'... रामनगर में दिल्ली की लड़की के साथ हुई दरिंदगी की पूरी इनसाइड स्टोरी
उत्तराखंड के रामनगर स्थित विश्व विख्यात जिम कॉर्बेट नेशनल पार्क के पास एक आलीशान रिजॉर्ट में कॉर्पोरेट पार्टी के दौरान एक खौफनाक वारदात सामने आई है। एक निजी कंपनी के 10 साल पूरे होने का जश्न मनाने दिल्ली, नोएडा और फरीदाबाद से करीब 40 कर्मचारी रविवार को यहां पहुंचे थे, लेकिन देर रात यह जश्न खौफनाक वारदात में बदल गया।
पार्टी खत्म होने के बाद कंपनी की ही एक सेल्स गर्ल (दिल्ली निवासी) के साथ उसके दो सहकर्मियों ने हैवानियत की। पुलिस के मुताबिक शराब के नशे में धुत दोनों आरोपी (सेल्स एग्जीक्यूटिव) पीड़िता के कमरे में घुसे और चालाकी से उसकी महिला रूममेट को बाहर भेज दिया। इसके बाद एक युवक ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि दूसरे ने भी कोशिश की जिससे पीड़िता की तबीयत बिगड़ गई।
पुलिस का कड़ा एक्शन
कोतवाल सुशील कुमार ने बताया कि मेडिकल जांच में दुष्कर्म की पुष्टि होने के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और रिजॉर्ट में मौजूद करीब 15 कर्मचारियों से पूछताछ की जा रही है, हालांकि घटना के बाद कंपनी के आला अधिकारियों ने पुलिस के फोन तक नहीं उठाए। पर्यटकों की सुरक्षा हवा-हवाई: यह घटना रामनगर में पर्यटकों की सुरक्षा व्यवस्था की पोल खोलती है क्योंकि इससे पहले इसी साल जुलाई में भी एक रिजॉर्ट में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़ हुआ था, जहां यूपी और बंगाल से 10-10 हजार रुपये में लड़कियां बुलाई गई थीं और 51 लोग संदिग्ध हालत में मिले थे।
प्रशासन के सख्त निर्देशों के बावजूद रिजॉर्ट्स में बिना पुख्ता आईडी कार्ड के एंट्री और महिला सुरक्षा की कमी साफ नजर आ रही है, यहां तक कि पर्यटक पुलिस चौकियों का वजूद भी खत्म हो चुका है। एसडीएम गोपाल सिंह चौहान और कॉर्बेट रिजॉर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष हरि सिंह मान ने स्पष्ट किया है कि सुरक्षा की पूरी जिम्मेदारी रिजॉर्ट प्रबंधन की होती है और ऐसी संदिग्ध गतिविधियों या लापरवाही पर प्रशासन की ओर से सख्त कार्रवाई की जाएगी।