28 लाख में से 32,679 ने मारी बाजी; यूपी पुलिस सिपाही भर्ती का फाइनल रिजल्ट जारी, ऐसे करें चेक

28 लाख में से 32,679 ने मारी बाजी; यूपी पुलिस सिपाही भर्ती का फाइनल रिजल्ट जारी, ऐसे करें चेक

उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPRPB) ने सिपाही भर्ती 2025 का फाइनल परिणाम जारी कर दिया है। भर्ती बोर्ड की ओर से जारी अंतिम चयन सूची में कुल 32,679 अभ्यर्थियों को सफलता मिली है। इस भर्ती प्रक्रिया के तहत आरक्षी नागरिक पुलिस के 10,469 पद, पीएसी और सशस्त्र पुलिस के 15,131 पद, उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल (UPSSF) के 1,341 पद, महिला बटालियन में महिला आरक्षी के 2,282 पद, घुड़सवार पुलिस के 71 पद और जेल वार्डर के कुल 3,385 पद (3,279 पुरुष व 106 महिला) भरे गए हैं।

इस वेबसाइट पर करें चेक

अभ्यर्थी अपना परिणाम बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाकर डाउनलोड कर सकते हैं। जो उम्मीदवार अंतिम मेरिट सूची में जगह नहीं बना पाए हैं, उनके लिखित परीक्षा के नॉर्मलाइज्ड मार्क्स नवंबर के तीसरे सप्ताह में पोर्टल पर अपलोड किए जाएंगे।

वर्गवार चयन की बात करें तो सामान्य श्रेणी से 6,685 उम्मीदवार सफल हुए हैं, जिनमें 4,628 आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (EWS) से आते हैं। अन्य पिछड़ा वर्ग (OBC) श्रेणी में 18,210, अनुसूचित जाति (SC) श्रेणी में 7,136 और अनुसूचित जनजाति (ST) श्रेणी में 648 उम्मीदवार चयनित हुए हैं। अंतिम सूची में 4,481 महिला अभ्यर्थियों ने भी बाजी मारी है। इस पूरी चयन प्रक्रिया के लिए 28 लाख 86 हजार से अधिक युवाओं ने आवेदन किया था।

प्रदेश के सभी 75 जिलों में लिखित परीक्षा आयोजित होने के बाद 76,184 अभ्यर्थी अगले चरण के लिए चुने गए थे। इसके बाद डीवी/पीएसटी और फिर शारीरिक दक्षता परीक्षा (PET) पूरी कराई गई। पारदर्शिता बनाए रखने के लिए दौड़ में पहली बार चिप आधारित आरएफआईडी (RFID) तकनीक और हर केंद्र पर लाइव सीसीटीवी सर्विलांस का इस्तेमाल किया गया। भर्ती बोर्ड ने स्पष्ट किया है कि अंतिम मेरिट अभ्यर्थियों के नॉर्मलाइज्ड स्कोर और उनकी पद वरीयता के आधार पर तय की गई है। चयनित अभ्यर्थियों के प्रशिक्षण और जॉइनिंग शेड्यूल से जुड़ी जानकारी जल्द ही आधिकारिक पोर्टल पर अलग से साझा की जाएगी।