अब बजेगी अग्निवीरों के घर शहनाई; सेवा के दौरान भी शादी करने की मिलेगी छूट, सरकार बदलने जा रही है ये कड़ा नियम
अग्निपथ योजना के तहत सेवा दे रहे अग्निवीरों और उनके परिवारों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, दो साल का सेवा विस्तार पाने वाले अग्निवीरों को अब सेवा के दौरान भी शादी करने की अनुमति दी जा सकती है। हालांकि, इसके लिए उन्हें लगभग एक महीने की निर्धारित ट्रेनिंग पूरी करनी होगी। इस विस्तारित चरण को 'सेकंड टूर ऑफ ड्यूटी' कहा जा रहा है। विश्वसनीय सूत्रों के हवाले से यह जानकारी सामने आई है, हालांकि सरकार की ओर से अभी औपचारिक घोषणा का इंतजार है।
पुरानी व्यवस्था के तहत अग्निवीर भर्ती के समय अविवाहित होना अनिवार्य था और चार साल की सेवा अवधि के दौरान शादी की इजाजत नहीं थी। पहले यह भर्ती केवल चार वर्षों के लिए निर्धारित थी, लेकिन नए बदलावों के तहत सेवा विस्तार लेने वाले जवानों को ट्रेनिंग पूर्ण करने के बाद विवाह की छूट मिलने की बात कही जा रही है।
अग्निवीरों के पहले बैच ने अपनी चार साल की सेवा पूरी कर ली है। नौसेना में सबसे पहले अग्निवीरों की भर्ती हुई थी, जहां मेरिट के आधार पर 25 प्रतिशत जवानों को स्थायी किया गया है और शेष को दो साल का सेवा विस्तार चुनने का अवसर मिला है। जल्द ही थल सेना और वायु सेना के पहले बैच का चार साल का कार्यकाल भी पूरा होने जा रहा है, जिन्हें भी ऐसे ही विकल्प मिलेंगे। बीते 4 नवंबर को केंद्रीय कैबिनेट ने दो साल के सेवा विस्तार से जुड़े प्रस्ताव को स्वीकृति दी थी, जिसमें छह वर्ष की सेवा के बाद 75 प्रतिशत अग्निवीरों को स्थायी करने का प्रावधान भी शामिल है।
छुट्टियों के नियमों में भी संशोधन की संभावना जताई जा रही है। सेवा विस्तार के दो वर्षों के दौरान अग्निवीरों को पहले से अधिक अवकाश मिल सकते हैं। पहले जहां सालाना 30 छुट्टियां मिलती थीं, वहीं विस्तारित अवधि में सालभर में 90 छुट्टियां देने पर विचार चल रहा है। इससे सैन्य अनुशासन के साथ-साथ जवानों की पारिवारिक जिम्मेदारियों को भी संतुलन मिल सकेगा और जल्द ही इन नियमों की आधिकारिक घोषणा की जा सकती है।
इसके अलावा शैक्षणिक और कल्याणकारी मोर्चे पर भी एक अहम कदम उठाया गया है। भारतीय वायु सेना और नई दिल्ली स्थित केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के बीच एक समझौता ज्ञापन (MoU) पर हस्ताक्षर हुए हैं। वायु सेना मुख्यालय में हुए इस करार का उद्देश्य वायु सेना से जुड़े अग्निवीरों को योग में व्यवस्थित शिक्षा और प्रमाणन (सर्टिफिकेशन) की सुविधा उपलब्ध कराना है।