देहरादून में 3 माह की गर्भवती महिला से बर्बरता, आंखों में मिर्च फेंककर पीटा; स्पा सेंटर के बाहर हंगामा

देहरादून में 3 माह की गर्भवती महिला से बर्बरता, आंखों में मिर्च फेंककर पीटा; स्पा सेंटर के बाहर हंगामा

उत्तराखंड के देहरादून से इंसानियत को शर्मसार कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक स्पा सेंटर के बाहर तीन महीने की गर्भवती महिला के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। आरोप है कि हमलावरों ने महिला की आंखों में मिर्च पाउडर झोंका, उसके साथ मारपीट की और जान से मारने की धमकी भी दी। बताया जा रहा है कि पीड़िता अपने पति की तलाश में वहां पहुंची थी।

इस मामले में शुक्रवार शाम देहरादून के पटेल नगर थाने में शिकायत दर्ज करवाई गई है। खुर्बुरा निवासी पीड़िता सायमा ने नेहा नाम की महिला और दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ तहरीर दी है।

पुलिस को दी शिकायत में सायमा ने बताया कि यह घटना 19 नवंबर को दोपहर करीब एक बजे निरंजनपुर मंडी के पास स्थित 'अमेंज स्पा सेंटर' के बाहर हुई। वहां मौजूद स्टाफ ने उनके पति के बारे में किसी भी तरह की जानकारी देने से मना कर दिया, जिसके बाद वह घर लौटने लगीं।

सायमा के मुताबिक, जब वह वहां से निकल रही थीं, तभी पार्किंग गेट पर एक काली कार रुकी। कार से एक पुरुष और एक महिला उतरे और गाली-गलौज करते हुए उन पर टूट पड़े। आरोप है कि आरोपियों ने उनकी आंखों में मिर्च पाउडर फेंका, जबरन घसीटते हुए ऊपर स्पा सेंटर में ले गए और जान से मारने की धमकी दी।

पीड़िता का कहना है कि इस वारदात में स्पा सेंटर से जुड़े दो पुरुष और एक महिला शामिल थे। घटना के बाद वह बेहद घबराई हुई थीं और तुरंत थाने जाने की स्थिति में नहीं थीं। घर पहुंचकर उन्होंने पति को आपबीती सुनाई, जिसके बाद पति उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले गए।

पुलिस ने सायमा के बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115(2), 351(2) और 352 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पटेल नगर के थाना प्रभारी (SHO) नरेश राठौर ने बताया कि शिकायत के आधार पर एफआईआर पंजीकृत कर ली गई है और पूरे प्रकरण की गहन जांच जारी है।