'रामपुर वाले चचाजान से लो सलाह', ओपी राजभर का अखिलेश यादव पर तीखा वार; पुलिस और युवाओं को लेकर कही बड़ी बात
सुभासपा प्रमुख और उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोलते हुए वरिष्ठ नेता आजम खां का जिक्र किया है। राजभर ने तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश को रामपुर वाले चचाजान से ही सलाह लेनी चाहिए। उन्होंने सपा प्रमुख की बोलचाल, पुलिस और सरकारी कर्मचारियों को लेकर की गई टिप्पणियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि उन्हें बड़ों के पास बैठकर सीख लेनी चाहिए।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए ओम प्रकाश राजभर ने लिखा कि अच्छा बनने के लिए अच्छी संगत जरूरी होती है और संगत खराब होने पर भाषा भी बिगड़ जाती है। उन्होंने कहा कि जिसकी भाषा सधी हुई नहीं होगी, उसकी बातों में गुंडागर्दी की झलक दिखेगी। राजभर ने अखिलेश के कथित बयानों का हवाला देते हुए पूछा कि मीडिया के सामने पुलिस से स्टेपनी बदलवाने जैसी बातें करने की क्या जरूरत है। उन्होंने तंज कसा कि रामपुर वाले चचाजान के बाहर आने से अखिलेश या तो बेहद खुश हैं या फिर किसी गहरे सदमे में हैं, इसलिए उन्हें संगत बदलकर बड़ों से सलाह लेनी चाहिए क्योंकि दस साल पहले वे भी ऐसे ही तेवर रखते थे।
राजभर ने आगे लिखा कि पहले सरकारी कर्मचारियों को गुलाम मानने और पुलिस से भैंस ढुंढवाने जैसी बातें होती थीं, और कर्मियों को तनखइया समझा जाता था। उनके मुताबिक, दस साल बाद आजम खां की जुबान भले पूरी तरह न बदली हो लेकिन लहजा कुछ नरम जरूर हुआ है, इसलिए अखिलेश को उनसे ही अनुभव के आधार पर सलाह ले लेनी चाहिए।
सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों का जिक्र करते हुए कैबिनेट मंत्री ने कहा कि समर्थक भले ही ऐसे बयानों पर तालियां बजाएं, लेकिन प्रदेश के लाखों युवा मेहनत से परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे बयानों से युवाओं का मनोबल नहीं गिराना चाहिए, क्योंकि युवा सब समझते हैं और उन्हें याद है कि दस साल पहले सिस्टम को कैसे चलाया जाता था।
अंत में राजभर ने कहा कि अब वक्त बदल चुका है और लंबी-लंबी बातें करने के बजाय जमीनी हकीकत समझनी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि आज यूपी पुलिस में मेहनत और काबिलियत के बूते भर्ती हुए युवा तैनात हैं, जो कानून का राज कायम रखने और जनता की मदद के लिए काम कर रहे हैं, इसलिए उन्हें दबाने या गुलाम समझने की सोच छोड़ देनी चाहिए।