कार में बैठे SP पर ड्राइवर ने चला दी गोली! माथे को छूकर निकली, बाल-बाल बची जान
उत्तराखंड के हरिद्वार जिले में शनिवार को सुरक्षा व्यवस्था को हिला देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां इंटेलिजेंस ब्यूरो (आईबी) के एक वरिष्ठ अधिकारी पर उनके ही ड्राइवर ने कथित तौर पर जानलेवा हमला करते हुए गोली चला दी। गनीमत रही कि गोली अधिकारी के माथे को छूती हुई निकल गई, जिससे उनकी जान बाल-बाल बच गई।
वारदात की सूचना मिलते ही हरकत में आई कनखल थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है। घायल अधिकारी की पहचान पुलिस अधीक्षक (एसपी) पद पर तैनात सीपी नौटियाल के रूप में हुई है, जबकि हमलावर चालक की पहचान विनोद नेगी के तौर पर की गई है।
गोलीबारी की इस घटना के तुरंत बाद घायल एसपी नौटियाल को नजदीकी चिकित्सा केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उन्हें एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया। डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी स्थिति की निगरानी कर रही है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ड्राइवर विनोद नेगी किसी बात को लेकर अधिकारी से नाराज चल रहा था और दोनों के बीच कहासुनी हुई थी, जिसके बाद तैश में आकर उसने इस वारदात को अंजाम दिया।
हरिद्वार के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) नवनीत सिंह भुल्लर ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि सीपी नौटियाल अपनी कार में बैठे हुए थे, तभी अस्थायी तौर पर रखे गए आरोपी ड्राइवर ने अवैध हथियार से उन पर फायर झोंक दिया। एसएसपी के मुताबिक, अधिकारी को मामूली चोटें आई हैं और वे खतरे से बाहर हैं।
पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज कर लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है। हरिद्वार पुलिस का कहना है कि विवाद के असली कारणों का पता लगाने के लिए मामले के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है और पूछताछ से मिलने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की सख्त कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।