img

Lucknow। नए सड़क दुर्घटना कानून के विरोध में सभी वाहन चालक हड़ताल पर चले गए हैं। राजधानो समेत पूरे प्रदेश में बसें व ट्रकें खड़ी हो गई हैं। शहरों में टैक्सियां भी नहीं चल रहीं हैं। इससे बस अड्डों पर यात्रियों की भीड़ लग गई है। याति गंतव्य तक जाने के लिए परेशान हैं।  लखनऊ में एआरएम ने दोपहर बाद कुछ रूटों पर अनुबंधित बसों का संचालन करवाया। नए कानून के विरोध में परिवहन निगम की अनुबंधित बसों और निजी बसों के चालकों के साथ ट्रक और टैक्सी चालक भी हड़ताल में शामिल हैं। जगह जगह चालकों ने विरोध प्रदर्शन कर नए कानून का विरोध किया।

उल्लेखनीय है कि नए सड़क दुर्घटना कानून में हादसा होने पर आरोपी वाहन चालक को 10 साल की सजा के साथ ही पांच लाख रुपये का जुर्माने का प्राविधान है। चालक नए कानून का लगातार सख्त विरोध कर रहे हैं। चालकों का कहना है कि वह रोजाना करीब 400 रुपये कमाते हैं। यदि हादसे में इस तरह से जुर्माना और सजा होगी तो उनके परिवार भुखमरी के कगार पर आ जाएंगे। वो जुर्माने की राशि कहां से देंगे। चालकों ने चेतावनी दी है कि जब तक सरकार कानून वापस नहीं लेगी तब तक हमारी हड़ताल जारी रहेगी।

चालकों की हड़ताल के चलते राजधानी समेत पूरे प्रदेश में यातायात व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गयी। इससे यात्रियों को परेशानियों का सामना करना पड़ा। महानगरों में टैम्पो टैक्सी के न चलने से नए साल में लोगों का मजा किरकिरा हो गया। हड़ताल के पहले दिन आज जगह जगह चालकों ने प्रदर्शन किया। चालकों ने नए सड़क दुर्घटना कानून के वापस होने तक हड़ताल जारी रखने की चेतावनी दी है। 

--Advertisement--