img

मुंबई। महाराष्ट्र के पूर्व सीएम अशोक चव्हाण आज BJP में शामिल हो गए। अशोक चव्हाण मुंबई में भाजपा कार्यालय पहुंचे जहां महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम देवेंद्र फडणवीस और महाराष्ट्र BJP के अध्यक्ष चंद्रकांत बावनकुले ने पार्टी में उनका स्वागत किया। अशोक चव्हाण के साथ ही कांग्रेस के पूर्व एमएलसी अमर रजुरकर ने भी BJP की सदस्यता ली। अशोक चव्हाण ने सोमवार को कांग्रेस पार्टी की प्राथमिक सदस्यता और अन्य सभी पदों से इस्तीफा दे दिया था। उसके बाद से ही चव्हाण के BJP में जाने की अटकलें थी।

अशोक चव्हाण के जाने से महाराष्ट्र में कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। देवेंद्र फडणवीस ने अशोक चव्हाण के इस्तीफे के बाद दावा किया था कि कई और कांग्रेस विधायक को अलविदा कह सकते हैं। इससे कांग्रेस नेतृत्व में घबराहट की स्थिति है। इसीलिए कांग्रेस के महाराष्ट्र प्रभारी रमेश चेन्निथला ने आज मुंबई में कांग्रेस नेताओं की अहम बैठक बुलायी है।

शिवसेना (यूबीटी) नेता उद्धव ठाकरे ने अशोक चव्हाण के BJP में शामिल होने पर प्रतिक्रिया व्यक्त की है। ठाकरे ने कहा कहा कि यदि बीजेपी अशोक चव्हाण को राज्यसभा भेजती है तो ये सैनिकों का अपमान होगा। दरअसल अशोक चव्हाण पर आदर्श हाउसिंग घोटाले को लेकर आरोप लगे थे। उद्धव ठाकरे ने कहा कि पीएम मोदी और देवेंद्र फडणवीस भी अशोक चव्हाण पर आदर्श हाउसिंग घोटाले को लेकर आरोप लगा चुके हैं और अब अगर उन्हें राज्यसभा भेजा जाता है तो ये सैनिकों का अपमान होगा।

गौरतलब है कि मुंबई में रक्षा मंत्रालय की जमीन पर आलीशान रिहायशी बिल्डिंग का निर्माण किया गया था। इस मामले में अशोक चव्हाण पर आपराधिक साजिश रचने और धोखाधड़ी के आरोप लगे थे। खुद पीएम मोदी भी अशोक चव्हाण पर आदर्श हाउसिंग घोटाले को लेकर आरोप लगा चुके हैं। हालांकि चव्हाण ने इन आरोपों से इनकार किया था। 

--Advertisement--