2 दिनों बाद शुरू होगी कड़ाके की ठंड, इन जिलों में आज हल्की बारिश

img

मध्य प्रदेश ॥ राज्य में तापमान निरंतर गिरता जा रहा है। कई जिलों में जहां हल्की बारिश की संभावना है, वहीं कई जगहों पर कोहरा असर दिखाएगा। मौसम विभाग ने कहा है कि अगले कुछ दिनों तक मौसम इसी तरह ठंडा बना रहेगा।

rain

आज सवेरे से राजधानी भोपाल में बादल छाए हैं और कोहरा बना हुआ है। ठंड से बचने के लिए लोग अलाव का सहारा ले रहे हैं। पिछले 24 घंटे के दौरान भोपाल, होशंगाबाद, जबलपुर एवं शहडोल संभागों के जिलों में कुछ स्थानों और इंदौर, उज्जैन एवं सागर संभागों के कुछ जिलों में बारिश दर्ज की गई। शेष संभागों के जिलों में मौसम शुष्क रहा। न्यूनतम तापमान में सभी संभागों के जिलों में कोई विशेष परिवर्तन नहीं हुआ।

मौसम जानकार अजय शुक्ला ने बताया कि अरब सागर से आ रही नमी वाली हवाओं के कारण बारिश की स्थिति बनी हुई है। सोमवार को हवा उत्तरी हो गई है। इसके चलते ठंडी हवाएं प्रदेश में आना शुरू हो गई हैं। 16 दिसंबर के बाद ठिठुरन वाली ठंड शुरू हो जाएगी। बारिश का सिलसिला मंगलवार को लगभग खत्म हो जाएगा। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दो दिन में न्यूनतम तापमान में कमी आने की संभावना है। भोपाल में मंगलवार को हल्के बादल छाए रहेंगे। शहर के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होगी और कोहरा भी छाया रहेगा। इस दौरान छह किमी प्रतिघंटे की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलेंगी। अधिकतम तापमान 19 तो न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है।

इन जिलों में बारिश की संभावना

मौसम जानकार के मुताबिक रीवा, शहडोल, जबलपुर, सागर, होशंगाबाद व भोपाल संभाग के जिलों में तथा बुरहानपुर, खंडवा, उज्जैन, देवास, शाजापुर, आगर, गुना जिले में कहीं-कहीं गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना है। वहीं ग्वालियर, रायसेन, राजगढ़, भोपाल, शाजापुर, देवास व छतरपुर जिले में हल्का कोहरा छाया रहेगा।

 

Related News