10,000 बोनस, 12,500 एडवांस और 60% DA! त्योहार से पहले सरकार का कर्मचारियों को सबसे बड़ा तोहफा

10,000 बोनस, 12,500 एडवांस और 60% DA! त्योहार से पहले सरकार का कर्मचारियों को सबसे बड़ा तोहफा

महाराष्ट्र राज्य सड़क परिवहन निगम (MSRTC) के करीब 83 हजार अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए त्योहार से ठीक पहले राहत भरी खबर आई है। परिवहन मंत्री व एसटी महामंडल के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक ने गुरुवार को हर कर्मी को 10 हजार रुपये का सानुग्रह अनुदान (दिवाली बोनस) देने की आधिकारिक घोषणा की। इसके साथ ही कर्मियों को 12,500 रुपये का फेस्टिवल एडवांस और महंगाई भत्ते (DA) को 58 से बढ़ाकर सीधे 60 प्रतिशत करने का फैसला लिया गया है।

यह राहत भरा फैसला एसटी महामंडल की तमाम कर्मचारी यूनियनों के प्रतिनिधियों के साथ हुई अहम बैठक में लिया गया। परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने दो टूक कहा कि महामंडल भले ही वित्तीय चुनौतियों से जूझ रहा है, लेकिन अपने कर्मचारियों के त्योहार के उत्साह में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

परिवहन मंत्री ने कर्मचारियों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि एसटी कर्मी दिन-रात पसीना बहाकर प्रदेश के लाखों यात्रियों को सुरक्षित मंजिल तक पहुंचाते हैं। ऐसे में उनकी कड़ी मेहनत और सेवा भाव को देखते हुए बोनस देना कोई एहसान नहीं, बल्कि उनका वाजिब हक है।

इस बड़े फैसले से एसटी महामंडल की तिजोरी पर करीब 160 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा। इस पर सरनाईक ने साफ किया कि कर्मचारियों के परिवारों की खुशियां सरकार और निगम के लिए सबसे ऊपर हैं। उन्होंने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री सुनेत्रा पवार के निरंतर सहयोग का जिक्र करते हुए भरोसा जताया कि एसटी का भविष्य सुरक्षित और मजबूत हाथों में है।

त्योहारी सीजन में यात्रियों की सुगम आवाजाही पर जोर देते हुए परिवहन मंत्री ने कर्मचारियों से हड़ताल या आंदोलन का रास्ता न चुनने की अपील की। उन्होंने कहा कि एसटी महाराष्ट्र के आम जनमानस की जीवनरेखा है और किसी भी सूरत में मुसाफिरों को परेशानी नहीं होनी चाहिए। कर्मचारी और मुसाफिर दोनों ही इस व्यवस्था की रीढ़ हैं और सरकार हर मसले का हल टेबल पर बैठकर बातचीत से निकालने के लिए हमेशा तैयार है।